हर्ष फायरिंग करने मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार. लाईसेंसी बंदूक बरामद.
BOL PANIPAT : 12 जुलाई 2025, थाना समालखा की पुलिस ने जौरासी खालसा गांव में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के बाद लोगों के भागने पर युवक को चोट लगने मामले में तीसरे आरोपी को शुक्रवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हिसार के मिर्चपुर गांव निवासी सतीश के रूप में हुई है।
थाना समालखा प्रभारी सब इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सतीश ने पुलिस को बताया उसके पास लाईसेंसी डोगा बंदूक है। वह फतेहगढ़ छाना निवासी तकदीर के पास सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता है। जहा तकदीर के दोस्त गांव श्यामलो निवासी शिवम के साथ उसकी भी जान पहचान हो गई। बीते फरवरी माह में शिवम अपने किसी दोस्त की शादी में हथियार के साथ फोटो खिंचवाने की बात बोलकर उससे डोगा बंदूक ले गया था। शिवम ने उसको शादी से लौटकर आने पर पार्टी देने का प्रलोभन दिया था। शादी के बाद 10 फरवरी को शिवम तकदीर के घर आकर उसे डोगा बंदूक दे गया था। बाद में तकदीर के घर पुलिस आई। इसके बाद उसे पता लगा कि शिवम ने शादी में डोगा बंदूक से अपने दोस्तों से फायर कराया है।
पुलिस ने आरोपी सतीश के कब्जे से हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त लाईसेंसी बंदूक बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि उक्त मामले में पहले दो आरोपियों श्यामलो निवासी शिवम व सोनीपत के भैंसवान गांव निवासी मोहित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
यह है मामला:
थाना समालखा में जौरासी खालसा गांव निवासी अजय वर्मा ने बताया था कि गांव में सत्यनारायण के घर लड़की की शादी थी। सोनीपत के गांव चिड़ाना से बारात आई थी। उसका बेटा कमल गांव में बुआ के घर जा रहा था। चौपाल के पास बाराती नाच रहे थे। जिनमे से एक युवक ने दहशत फैलाने के लिए गोली चलाई जो चौपाल में बाथरूम पर रखी पानी टंकी में लगी। गोली चलते ही लोग भागने लगे तो उनका बेटा कमल गिर गया और पैर में चोट लगी। जिसको इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया।
गोली चलने से लोगों के भागने पर गिरने से उनके बेटे को चोट लगी है। अजय वर्मा की शिकायत पर थाना समालखा में बीएनएस की धारा 125ए, 125बी, 287 व ऑर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई थी।

Comments