कारकौली गांव में पुलिस ने ग्रामवासियों को नशे के खिलाफ जागरूक कर नशा न करने की शपथ दिलाई.
BOL PANIPAT : 06 जनवरी 2025, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस ने नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत सोमवार को कारकौली गांव में ग्रामवासियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर जीवन में नशा न करने की शपथ दिलाई। ग्राम पंचायत व मौजिज लोगों के सहयोग से कारकौली गांव आज नशा मुक्त घोषित हो गया है। यह गांव अब जिला के नशा मुक्त घोषित गांव की श्रेणी में शामिल हो गया है। ग्राम पंचायत व आमजन के सहयोग से अब तक जिला पानीपत के 106 गांव व 41 कालोनियां नशा मुक्त घोषित हो चुकी है।
नशा मुक्त अभियान के जिला में नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक समालखा नरेंद्र सिंह ने बताया कि टीम ने ग्रामवासियों को नशे के दुष्परिणों बारे विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नशे से आर्थिक नुकसान के साथ साथ शारीरिक नुकसान होता है। नशा हमारे शरीर की शक्ति को खत्म कर उसे बीमारियों का घर बना देता है। अगर शरीर को नशे की लत पड़ जाती है तो वह इतनी आसानी से नहीं छुटती। नशा अच्छे भले शरीर को कंकाल बना देता है। नशे का सेवन करने वाला व्यक्ति समाज में अपना मान सम्मान खो देता है। नशे का सेवन किसी भी प्रकार से हितकारी नही है। इसलिए हमें स्वयं भी और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
युवा नशे से दूर रहकर पढ़ाई के साथ खेलों में भविष्य सवारें
उन्होंने कहा की युवा हमारे देश का भविष्य है। युवा नशे से दूर रहकर पढ़ाई के साथ साथ खेलों में अपना भविष्य सवारें। युवाओं में खेलों के प्रति रूचि उन्हें नशे से दूर रखने में सहायक होती है। युवाओं को चाहिए कि वे अपने अंदर खेलों के प्रति लगाव पैदा करते हुए किसी भी खेल का हिस्सा बनें। समाज से नशे को खत्म करना हमारी सामाजिक व नैतिक जिम्मेदारी है।
उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस जिला को नशा मुक्त बनाने में भरसक प्रयासरत है। आमजन इस मुहिम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर पुलिस का सहयोग करें।

Comments