इनरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की ओर से अब दूसरी सैनिटरी पैड वेडिंग मशीन एवं इंसिनरेटर मशीन की स्थापना की
BOL PANIPAT : महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को समर्पित एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत इनरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन ने आज डी ए वी थर्मल विद्यालय में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन तथा इंसिनरेटर मशीन स्थापित कर छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया।
यह सेवा परियोजना ज़ोन 9 की (ZCC) डॉ. अनु कालड़ा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष ज्योत्सना गर्ग भी उपस्थित रहीं और उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर किसी भी प्रकार की झिझक या संकोच नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अपनाकर और सही जानकारी प्राप्त करके ही किशोरियाँ स्वस्थ एवं आत्मविश्वासी जीवन की ओर आगे बढ़ सकती हैं।
कार्यक्रम में स्थापित वेंडिंग मशीन के लिए मित्तल मेडिकल स्टोर द्वारा सैनिटरी पैड उपलब्ध करवाए गए। क्लब ने उनके इस सामाजिक सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के प्रयास और अधिक सशक्त बनते हैं।
विद्यालय की प्राचार्या भव्या शर्मा ने इस उपयोगी एवं दूरदर्शी पहल के लिए इनरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन तथा सभी सहयोगियों का हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा छात्राओं के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी तथा क्लब के साथ भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों के लिए दीर्घकालिक एवं सार्थक सहयोग की कामना व्यक्त की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी ने एक स्वर में कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है। विद्यालयों में इस प्रकार की सुविधाओं की उपलब्धता न केवल छात्राओं के स्वास्थ्य की रक्षा करती है, बल्कि उन्हें गरिमा, आत्मविश्वास और सुरक्षित वातावरण भी प्रदान करती है। इनरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की यह पहल समाज में महिला स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण है।
यह जानकारी चार्टर्ड प्रेसिडेंट कंचन सागर ने दी।

Comments