विद्यार्थियों के लिए ‘इनसाइट क्वेस्ट’ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में ‘इनसाइट क्वेस्ट’ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता बी.कॉम द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई, जिसमें कुल 32 विद्यार्थियों ने 11 टीमों के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के ज्ञान, तार्किक क्षमता, सामान्य जागरूकता तथा विश्लेषणात्मक कौशल को विकसित करना था।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने प्रतिभागियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ‘इनसाइट क्वेस्ट’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक समझ विकसित करने में सहायक होती हैं साथ ही इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति अधिक जागरूक बनाते हैं। इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन कक्षा मेंटर सहायक प्रो. आंचल बत्रा के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न रोचक राउंड शामिल किए गए, जिनमें बिजनेस अवेयरनेस, ब्रांड आइडेंटिफिकेशन, विज्ञापन पहचान, सामान्य ज्ञान तथा कॉमर्स से जुड़े प्रश्नों को शामिल किया गया। प्रत्येक राउंड को इस प्रकार डिजाइन किया गया था कि विद्यार्थी न केवल अपने विषय ज्ञान का प्रदर्शन कर सकें, बल्कि अपनी त्वरित सोच, टीमवर्क और निर्णय क्षमता को भी प्रस्तुत कर सकें। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पूरे जोश के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिता के परिणामों में अमित, तुषार एवं गुरप्रीत की टीम ने प्रथम स्थान , कीर्ति, भूमि एवं मीनाक्षी ने द्वितीय स्थान , जबकि पायल, चंचल एवं चेतना की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंजू, काजल एवं मेहर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। अंत में प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष द्वारा सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा विजेता टीमों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Comments