मिर्जापुर व गोयला कला में किया ग्रामीणों से संवाद, नशे के खिलाफ सक्रिय भागीदारी की अपील
युवाओं को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं : डीएसपी प्रणय कुमार
BOL PANIPAT , 02 अक्तूबर । पानीपत पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाया जा रहा जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पानीपत पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने गांव मिर्जापुर और गोयला कला में डोर-टू-डोर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया।
पुलिस टीम ने इस दौरान ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी देते हुए समझाया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे की लत से व्यक्ति का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होने के साथ-साथ पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए नशे की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग जरूरी है।
अभिभावक बच्चों के व्यवहार व संगति पर रखें नजर, समय रहते करें सही मार्गदर्शन
पुलिस टीम ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की संगति, व्यवहार, दिनचर्या और गतिविधियों पर नजर रखें। बच्चों के व्यवहार में अचानक कोई बदलाव दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि उनसे दोस्ताना तरीके से बातचीत कर उनकी परेशानी को समझने का प्रयास करें। समय रहते सही मार्गदर्शन और सहयोग मिलने से बच्चों को गलत संगति एवं नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है।
इसी के साथ पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री, सप्लाई अथवा तस्करी में संलिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। नशे से संबंधित सूचना MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
नशा मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को जनआंदोलन बनाएं। अपने आसपास के युवाओं को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। जनभागीदारी से ही नशामुक्त समाज का संकल्प साकार होगा। पानीपत पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comments