जनता समाधान शिविर सरकार की जनसुनवाई की संस्कृति का प्रतीक: उपायुक्त डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया
-अधिकारी जन शिकायतों पर समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करें
-प्रशासन तभी सफल है जब जनता हो संतुष्ट
-क्रीड, पैंशन व पुलिस विभाग से जुड़ी पहुंची ज्यादातर शिकायतें
BOL PANIPAT , 3 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन और जनसेवा की भावना को साकार करते हुए जिला सचिवालय परिसर में सोमवार को जनता समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने की।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने शिविर में जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए कहा कि जनता समाधान शिविर सरकार की जनसुनवाई की संस्कृति का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य है कि हर शिकायत का समाधान यहीं, मौके पर और पारदर्शिता से हो। प्रशासन तभी सफल है जब जनता संतुष्ट हो।
उपायुक्त ने कहा कि जनता समाधान शिविर जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु है। जो भी नागरिक यहां अपनी समस्या लेकर आता है, उसका समाधान निश्चित रूप से किया जाता है। सरकार का उद्देश्य जनता को राहत देना है, न कि उन्हें दफ्तरों के चक्कर कटवाना। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी इस शिविर को गंभीरता से लें और प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीसी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी विभाग से संबंधित शिकायतों पर तत्काल निपटान किया जाए।
शिविर में नागरिकों ने बिजली, पानी, पेंशन, पुलिस, पंचायत और निगम से जुड़ी 59 शिकायतें दर्ज कराईं। उपायुक्त डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया ने मौके पर ही कई शिकायतों के समाधान के निर्देश जारी किए। निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने बताया कि निगम से जुड़ी सभी शिकायतों पर तेजी से कार्य किया जा रहा है और इस प्रक्रिया को और गति दी जाएगी।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायतों से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए आमजन सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
पुलिस उप-अधीक्षक सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निपटान जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए ताकि लोगों में विश्वास और बढ़े।
प्रार्थी हरि किशन ने नगर निगम के अंतर्गत वार्ड 12 के क्षेत्र में जनता के पीने के पानी की अशुद्धता की जांच करवाने व उसकी रिपोर्ट दिलवाने की प्रशासन से प्रार्थना की। प्रार्थी प्रिया वासी पूजा ने विधवा पेंशन बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी राजेश वासी पानीपत ने अपने डिपो का पता बदलवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी यशपाल ने जिला सचिवालय की सरकारी भूमि को बेचने की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई करने व अवैध कब्जा हटवाने की प्रार्थना की। प्रार्थी रणधीर ने पुलिस विभाग से दोषी के खिलाफ उचित कानून कारवाई करने और न्याय दिलाने का प्रशासन से अनुरोध किया।
प्रार्थी अंजू वासी रैरकलां ने प्रशासन से मकान बनवाने में सहायता करने के लिए अनुरोध किया। इस मौके पर शिविर में डीएचओ शार्दुल शंकर, एसडीओ सूबे सिंह, एसडीओ कृषि विभाग डॉ. राधेश्याम गुप्ता, फिशरी अधिकारी मनमोहन सिंह, खेल प्रशिक्षक सुषमा, कंप्लेंड अधिकारी रमेश, जोगिंदर सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने अपने-अपने विभागों से जुड़ी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही समाधान की दिशा में कदम उठाए।

Comments