जनता समाधान शिविर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की नई कड़ी के रूप में कर रहे: एसडीएम मनदीप कुमार
-जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्रशासन प्रतिबद्ध: डीडीपीओ
-अधिकारी जनता के विश्वास की कसौटी मानकर करें कार्य: डीएसपी सतीश वत्स
-समाधान शिविर में पहुंची 51 शिकायतें, एसडीएम ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश
BOL PANIPAT , 10 नवंबर। जनता की शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करने और लोगों को दफ्तरों के चक्कर से मुक्त कराने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा जिला और उपमंडल स्तर पर जनता समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया के दिशा-निर्देशों पर जिला सचिवालय सभागार में जनता समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में प्राप्त शिकायतों की सुनवाई करते हुए एसडीएम मनदीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही इस शिविर का मूल उद्देश्य है। एसडीएम ने कहा कि यदि कोई शिकायत हल हो सकती है तो तुरंत निस्तारण करें, अन्यथा उसे स्पष्ट रूप से अस्वीकृत करें ताकि आवेदक को भ्रम की स्थिति न रहे।
इस अवसर पर डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि विभागीय अधिकारी यह समझें कि जनता की हर शिकायत उनके विभाग की जवाबदेही का हिस्सा है। उन्होंने कहा, हर समस्या हमारे लिए एक जिम्मेदारी है। अधिकारी शिकायतों को औपचारिकता न समझें, बल्कि उन्हें जनता के विश्वास की कसौटी मानकर कार्य करें। शिकायतकर्ता को महसूस होना चाहिए कि प्रशासन उसकी बात को गंभीरता से सुनता और उसका समाधान करता है। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लें, उनका रिकार्ड अपडेट रखें।
डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग का कार्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सुरक्षा और सहायता करना भी है। उन्होंने कहा हमारे लिए हर शिकायत एक पीडि़त की आवाज़ है। पुलिस को हर मामले को मानवीय दृष्टिकोण से देखना चाहिए और शीघ्र कार्रवाई कर जनता का भरोसा मजबूत करना चाहिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कहा कि जनता से संवाद बढ़ाएं और समाधान की प्रक्रिया को पारदर्शी रखें।
शिविर में कुल 51 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले क्रीड, पुलिस और पेंशन विभाग से संबंधित रहे। एसडीएम मनदीप सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में दर्ज शिकायतों का अतिशीघ्र और निष्पक्ष समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की नई कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। प्रार्थी सुल्तान वासी कुराड ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा में अपना जमीन ऑनलाइन करने के लिए प्रशासन से प्रार्थना की। प्रार्थी शबनम वासी पानीपत ने राशन कार्ड शुरू करवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
प्रार्थी सुभाष वासी बापौली ने अपने पिता रामस्वरूप का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी राहुल वासी विकास नगर ने प्रशासन से अपनी बहन का पता लगाने के लिए अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि 14 दिन पूर्व उनकी बहन घर से गायब है। अभी तक उसका कोई भी अता-पता नहीं है।
शिविर में 51 समस्याएं प्राप्त हुई जिसमे ज्यादातर शिकायतें क्रीड, पुलिस विभाग, पेंशन विभाग से संबंधित मिली। एसडीएम मनदीप कुमार ने सभी अधिकारियों को समाधान शिविर में दर्द समस्याओं के अतिशीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएचओ शार्दूल शंकर,एसडीओ कृषि विभाग राधेश्याम गुप्ता, एसडीओ सूबे सिंह, फिशरी अधिकारी मदन मोहन, प्रशिक्षक सुषमा, पुलिस कंप्लेंड अधिकारी महेश त्यागी, डॉ विशाल, डॉ प्रदीप, कंप्लेंड अधिकारी रमेश, जोगिंदर आदि मौजूद रहे।

Comments