जोंधन खुर्द बनेगा आधुनिक मिनी सिटी, 35 एकड़ में विकसित होगी अत्याधुनिक रिहायशी कॉलोनी: कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
सरकार से मिल चुकी अप्रूवल. अधूरे विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, गांवों में सफाई, खेल सुविधाओं और सामुदायिक ढांचे को किया जाएगा मजबूत
BOL PANIPAT , 15 जुलाई। हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बुधवार को जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोडऩे के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा की कि जोंधन खुर्र्द गांव में 35 एकड़ से अधिक क्षेत्र में अत्याधुनिक रिहायशी कॉलोनी विकसित की जाएगी। यह कॉलोनी आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित होगी और सुनियोजित विकास के साथ तैयार की जाएगी। सरकार की तरफ से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन सरकार की सभी विकास योजनाओं को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ लागू कर रहा है। उन्होंने बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाएगा। मैं स्वयं विभिन्न विकास कार्यों, स्टेडियमों, व्यायामशालाओं तथा अन्य परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण करूंगा। जहां भी किसी प्रकार की कमी या खामी मिलेगी, उसे तत्काल दूर करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे। हमारा उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव और कस्बे में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य सुनिश्चित करना तथा लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद जोंधन खुर्र्द एक मिनी शहर के रूप में विकसित होगा, जहां बेहतर सडक़ें, जल निकासी व्यवस्था, पार्क, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ वातावरण तथा अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गांवों को आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में साढ़े तीन सौ से अधिक इंडोर जिम स्थापित किए जा चुके हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र में युवाओं को खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ-साथ गांवों में लाइब्रेरी, महिला संस्कृति केंद्र और आधुनिक व्यायामशालाएं स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने ग्राम पंचायत जोंधन खुर्द की मांग पर गांव में सामुदायिक केंद्र के निर्माण तथा फिरनी को पक्का करने और जरनल चौपाल की मुरम्मत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में मंत्री ने मतलौडा और पानीपत क्षेत्र के स्टेडियमों एवं व्यायामशालाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी खेल परिसरों में कमियां या अनियमितताएं मिलें, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए ताकि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।
गांवों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वच्छ एवं स्वस्थ गांवों के निर्माण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरपंचों को मानदेय दिए जाने की व्यवस्था भी इसी सोच का हिस्सा है ताकि पंचायतें सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बना सकें। उन्होंने कहा कि पंचायतों को पर्याप्त वित्तीय अधिकार दिए गए हैं और वे अपने स्तर पर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा सकती हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से नौल्था और मतलौडा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। नौल्था में नागरिक सुविधाओं के विस्तार का कार्य शुरू हो चुका है और जो भी परियोजनाएं लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा, हरियाणा सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य शुरू करना नहीं, बल्कि उन्हें समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना है। ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोडक़र आत्मनिर्भर बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जोंधन खुर्द में बनने वाली आधुनिक रिहायशी कॉलोनी गांव की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेगी। आने वाले समय में यह क्षेत्र मिनी शहर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा। सरकार विकास, पारदर्शिता और जनहित के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है तथा प्रत्येक अधूरी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे व जिला परिषद सीईओ डॉ. किरण ने भी उनके क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों पर अपडेट दिया और विकास कार्यों पर और गति प्रदान करने की बात कही। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीआरओ कनव लाकड़ा, डीटीपी पंकज बेनीवाल, तहसीलदार नरेंद्र दलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया, जिस पर मंत्री ने निर्धारित समय सीमा में सभी परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

Comments