Thursday, October 1, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत ग्रामीण ब्लॉक में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 1, 2026 Tags: , , , , ,

माताओं, बच्चों और समुदाय की भागीदारी से पोषण व बाल विकास के प्रति बढ़ेगी जागरूकता

BOL PANIPAT , 1 अक्टूबर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत वीरवार को  ग्रामीण ब्लॉक में तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विभाग की कार्ययोजना के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में यह चरण 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से माताओं, बच्चों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

    कार्यक्रम के दौरान पहले दिन माताओं एवं लाभार्थियों के साथ संवाद, पोषण एवं स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूकता, बच्चों की वृद्धि एवं विकास पर चर्चा, न्यूट्रिशन कॉमिक बुक पर चर्चा, कहानी-कथन, चित्रकारी एवं रंग भरने तथा खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम, बच्चों की वृद्धि एवं विकास की निगरानी, ईसीसीई, खेल के माध्यम से सीखने तथा स्कूल रेडीनेस जैसे विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के साथ संवाद भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।

3 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में लाभार्थी माताओं के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका एवं आशा कार्यकर्ता का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया जाएगा। साथ ही पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और बच्चों द्वारा संक्षिप्त प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से विभाग का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ते हुए माताओं, बच्चों और समुदाय की भागीदारी को मजबूत करना तथा पोषण एवं बाल विकास से संबंधित सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Comments


Leave a Reply