Friday, September 25, 2026
Newspaper and Magzine


अन्याय किसी के साथ नहीं होने देंगे, हर जरूरतमंद को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता: रणबीर गंगवा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 25, 2026 Tags: , , , , ,

जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री रणबीर गंगवा ने सुनीं 15  शिकायतें, 10 का मौके पर समाधान

भूमि विवाद, रजिस्ट्री, कब्जे, धोखाधड़ी से लेकर प्रदूषण और बकाया भुगतान तक के मामलों पर हुई सुनवाई

मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में विकास को दी जा रही तेज गति

BOL PANIPAT , 25 सितंबर। हरियाणा सरकार के लोक निर्माण विभाग एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में 15 शिकायतों की गंभीरता पूर्वक सुनवाई की। इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से निदान किया गया, जबकि 5 शिकायतों को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। हर जरूरतमंद को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में विकास को गति प्रदान की जा रही है। 2047 तक देश को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में लाने को लेकर तेज गति से कार्य किया जा रहा है। बैठक में पहुंचने पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बुके देकर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा का अभिनंदन किया। बैठक में पुरानी लंबित शिकायतों के साथ-साथ नई शिकायतों पर भी संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपडेट लिया गया। बैठक के एजेंडे में कुल 15 शिकायतें शामिल की गई थीं। इनमें भूमि विवाद, प्लॉट की रजिस्ट्री, कब्जा, धोखाधड़ी, अवैध वसूली, प्रदूषण, बिल्डर संबंधी समस्याएं, फसल खराब होने का मुआवजा तथा सरकारी विभाग से बकाया भुगतान सहित विभिन्न मामले शामिल हैं।

पहली शिकायत अलीपुर खालसा निवासी महेंद्र सिंह की
पहली शिकायत गांव अलीपुर खालसा निवासी महेंद्र सिंह की थी। शिकायत में खसरा नंबर 4868/1 की कुल 14 बीघा 5 बिस्वा भूमि में से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-18 पानीपत के लिए 13 बीघा 6 बिस्वा भूमि अधिग्रहित किए जाने तथा शेष एक बीघा भूमि की मिल्कियत को लेकर मामला उठाया गया । यह पिछली बैठक की लंबित शिकायत है। इसमें सुनवाई के बाद अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।

  दूसरी शिकायत राधा कॉलोनी में प्लॉटों की रजिस्ट्री से संबंधित
दूसरी शिकायत राधा कॉलोनी में प्लॉटों की रजिस्ट्री न होने से संबंधित थी। इसमें परशुराम कॉलोनी, केशी चौक निवासी रामफूल ने शिकायत में कहा था कि मनीष शर्मा नामक डीलर से प्लॉट खरीदे गए थे और करीब 40 मकान बने हुए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार प्लॉट की पूरी राशि का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन रजिस्ट्री नहीं की जा रही। कॉलोनीवासियों ने रजिस्ट्री करवाने की मांग की है। यह भी पिछली बैठक की लंबित शिकायत है। इसे भी सुनवाई के बाद अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।

तीसरी शिकायत में ब्याज से अधिक राशि वसूलने के बावजूद मकान पर कब्जा न छोडऩे की
राज नगर निवासी मूर्ति की शिकायत में आरोप लगाया गया  कि फाइनेंसर द्वारा ब्याज पर दी गई मूल राशि से अधिक रकम वसूलने के बावजूद उसका मकान कब्जे से नहीं छोड़ा जा रहा। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी गई है। इसे भी सुनवाई के बाद अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।

चौथी शिकायत में चुलकाना के आसपास प्रदूषण फैलाने का मामला
अधिवक्ता मुकेश छौक्कर की शिकायत में हरियाणा ऑर्गेनिक फैक्टरी द्वारा चुलकाना गांव के आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाया गया था। मामले में पुलिस अधीक्षक, जिला राजस्व अधिकारी तथा हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को कार्रवाई के लिए शामिल किया गया। यह पिछली बैठक की लंबित शिकायत थी। इसका मौके पर समाधान किया गया।

पांचवीं शिकायत में सेक्टर-24 के प्लॉट की निशानदेही या वैकल्पिक प्लॉट की मांग
डॉ. भारती धवन की शिकायत में प्लॉट नंबर 40-पी, सेक्टर-24 पानीपत की जल्द निशानदेही करवाने अथवा वैकल्पिक प्लॉट आवंटित करने की मांग की गई है। मामले में संबंधित विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई थी। इसका मौके पर समाधान किया गया।

छठी शिकायत में टीडीआई सिटी में बिल्डर पर अनियमितताओं व धोखाधड़ी के आरोप
टीडीआई सिटी पानीपत के निवासी विनोद टर्जन की शिकायत में बिल्डर द्वारा कथित तौर पर की जा रही गंभीर अनियमितताओं और धोखाधड़ी का मामला उठाया गया है। शिकायत पर संबंधित विभागों तथा पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई रिपोर्ट ली जाएगी। यह पिछली बैठक की लंबित शिकायत है। इसे अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।

सातवीं और आठवीं शिकायत में पैतृक भूमि के गलत बंटवारे और कब्जे का मामला
पट्टीकल्याणा निवासी सुरभि बजाज एवं विभा बजाज की शिकायत में पैतृक भूमि के गलत बंटवारे, अनुचित कब्जे तथा हक की भूमि दिलवाने की मांग की गई थी। मामले में पुलिस अधीक्षक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा जिला राजस्व अधिकारी को कार्रवाई के लिए संबंधित किया गया था। यह नई शिकायत थी। इसका मौके पर समाधान किया गया।

नौवीं शिकायत में सेक्टर-13-17 की भूमि की तकसीम व इंतकाल का मामला
गांधी कॉलोनी, मॉडल टाउन निवासी अवतार सिंह ने सेक्टर-13-17 में हुड्डा द्वारा रिलीज की गई भूमि की तकसीम करवाने तथा इंतकाल दर्ज करवाने की मांग से संबंधित शिकायत दी थी। शिकायत में संबंधित भूमि के मामले का समाधान करवाने का अनुरोध किया गया था। इसका भी मौके पर समाधान किया गया।

दसवीं शिकायत में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप
हरि सिंह कॉलोनी, नूरवाला निवासी विनोद पांचाल ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पुत्र मोहित को विदेश भेजने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी, हेराफेरी व विश्वासघात कर रकम हड़प ली गई। शिकायत में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई थी। इसका भी मौके पर समाधान किया गया।

11वीं शिकायत में रजिस्ट्री के नाम पर दो लाख रुपये मांगने का आरोप
देशराज कॉलोनी निवासी रणदीप, संतोष पटेल व सतपाल की शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रजिस्ट्री करवाने की एवज में प्रॉपर्टी डीलर जगदीश और प्रभाकर शर्मा द्वारा प्रत्येक खरीदार से दो लाख रुपये की मांग की थी। मामले की जांच के लिए पुलिस व राजस्व विभाग को संबंधित किया गया था। इसका भी सुनवाई के बाद समाधान किया गया।

12वीं शिकायत में द एड्रेस सोसायटी में सुविधाओं की कमी और सुरक्षा का मामला
सेक्टर-23, उग्राखेड़ी स्थित द एड्रेस सोसायटी के निवासी रवि अग्रवाल एवं हरमीत सिंह ने बिल्डर व प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दी थी। इसमें किए गए वादों का पालन नहीं करने, आधारभूत सुविधाओं की गंभीर कमी तथा सुरक्षा संबंधी खतरों का मामला उठाया गया था। यह नई शिकायत थी। सुनवाई के बाद इसे अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।

13वीं शिकायत में एफआईआर के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने का मामला
विकास नगर निवासी विजय कुमार की शिकायत थी। शिकायत में कहा गया है कि करीब चार वर्ष पूर्व हुई धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। उन्होंने आगामी जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायत की सुनवाई करवाने तथा उचित कार्रवाई की मांग की है। इसे भी सुनवाई के बाद समाधान किया  गया।

14वीं शिकायत में फसल खराब होने के मुआवजे की मांग
इसराना निवासी सुरेंद्र कुमार की शिकायत थी। शिकायत में आरोप लगाया है कि गुप्ता फैक्टरी से निकलने वाले गंदे पानी के कारण उसकी फसल 100 प्रतिशत खराब हो गई है। उन्होंने कंपनी से फसल खराब होने का मुआवजा दिलवाने तथा गंदे पानी के प्रवाह को रोकने की मांग की थी। इसका भी समाधान किया गया।

15वीं शिकायत में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से बकाया भुगतान का मामला
उझा रोड, सेक्टर-24 स्थित गैसर्ज जांगड़ा जनरेटर कंपनी के राजपाल सिंह ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित शिकायत दी थी। इसमें वर्ष 2020-21 और 2022 में जेटिंग मशीनों की रिपेयरिंग के बकाया भुगतान को दिलवाने की मांग की गई थी। यह भी नई शिकायत थी। इसका मौके पर समाधान किया गया।

इस मौके पर विधायक प्रमोद विज, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, निगम आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन,  सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा के अलावा शिकायतकर्ता और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply