ऋण, प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता से बदलेगी महिलाओं की तस्वीर: सुनीता दुग्गल
महिला सशक्तिकरण की नई उड़ान: सरकार ने बढ़ाया स्वरोजगार का संबल
महिला विकास निगम के कार्यक्रम में योजनाओं की गूंज, लाभार्थियों को मिले ऋण स्वीकृति पत्र
सरकार का लक्ष्य हर महिला बने आत्मनिर्भर, रोजगार और सम्मान दोनों मिले
BOL PANIPAT , 7 जुलाई। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा महिला विकास निगम लिमिटेड की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल ने सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत 13 महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए और महिलाओं को स्वरोजगार, बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
अपने संबोधन में चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच है कि प्रदेश की प्रत्येक महिला आर्थिक रूप से मजबूत बने। उन्होंने कहा कि एक महिला केवल स्वयं का ही नहीं बल्कि दो परिवारों का भविष्य संवारती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने के साथ-साथ अमूल और वीटा के बूथ भी उपलब्ध करा रही है ताकि महिलाएं स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें। उन्होंने महिलाओं से अपने भीतर छिपी प्रतिभा को बाहर लाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने ड्रोन दीदी योजना की जानकारी देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से जुड़कर महिलाएं कृषि और अन्य क्षेत्रों में नई पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम में
नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है ताकि वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र महिलाओं तक प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
जिला प्रबंधक रोहित ने महिला विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जो महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं, उन्हें आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है। कई योजनाओं में सरकार द्वारा सब्सिडी का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने विधवा महिलाओं के लिए संचालित विशेष ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र महिलाओं से इनका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के प्रशिक्षक अनिल कुमार ने बैंक की विभिन्न योजनाओं, विशेष रूप से पीएम स्वनिधि योजना तथा अन्य वित्तीय सुविधाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को समय पर ऋण चुकाने और बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
सेल्फ हेल्प ग्रुप की प्रतिनिधि पिंकी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्वयं सहायता समूहों ने हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि समूह से जुड़कर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं बल्कि उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित हुई है।
एक अन्य विभागीय अधिकारी मुकेश ने बताया कि विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है। उन्होंने विभाग के वार्षिक लक्ष्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी ब्लॉकों में संचालित कैंटीन और अन्य योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने बैंकिंग सेवाओं और ऋण प्रक्रिया से जुड़ी कुछ समस्याओं एवं शिकायतों को भी अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में कई महिलाओं के अभिभावकों ने अपने
सफल अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर नगराधीश टीनू पोसवाल, एडीओ विनोद यादव पंचकूला, जिला प्रबंधक रोहित, नेहा शर्मा, मोना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति को धरातल पर उतारने और अधिकाधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

Comments