शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की न हो देरी: उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया
-आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी (आईएएस) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर की समीक्षा
-वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने दिए कई महत्वपूर्ण सुझाव
-जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही नहीं होनी चाहिए
BOL PANIPAT , 9 जनवरी। समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शेखर विद्यार्थी (आईएएस) आयुक्त एवं सचिव, हरियाणा सरकार, अभिलेखागार विभाग, महानिदेशक, अग्निशमन सेवाएं हरियाणा, आयुक्त एवं सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मॉनिटरिंग एवं कोऑर्डिनेशन सेल (जीएडी), मुख्य सचिव कार्यालय, हरियाणा सरकार ने की।
बैठक के दौरान शेखर विद्यार्थी ने प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समाधान शिविर में दर्ज शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की देरी न हो और शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस समीक्षा बैठक में प्रशासनिक अधिकारीयों के साथ जुड़े उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने आश्वासन दिया कि समाधान शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण किया जा रहा है और इस संबंध में विभागों से प्राप्त कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) नियमित रूप से भेजी जा रही है।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं को सीधे तौर पर सुनने और उनका त्वरित समाधान करने का सशक्त माध्यम है, इसलिए सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लें। डॉ दहिया ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतकर्ता को संतुष्टि मिलना ही प्रशासन की प्राथमिकता है। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि समाधान शिविर सरकार और जनता के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझें और जनसमस्याओं के निस्तारण में पूरी संवेदनशीलता व गंभीरता के साथ कार्य करें।
शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न हो, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखना चाहिए। इस दिशा में और अधिक ध्यान दिया जाएगा और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. दहिया ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे, ताकि भविष्य में शिकायतों की संख्या में कमी लाई जा सके और कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस अवसर पर एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीईओ डॉ. किरण, निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, सीएमओ विजय मलिक, डीएसपी सतीश वत्स, जिला रोजगार अधिकारी रितु चहल, डीएफएससी नीतू, डीडीए आत्मा राम गोदारा,सीएमजीजीए अदिति, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सवित पन्नू, एसडीओ पशु पालन विभाग डॉ. श्री भगवान, मत्स्य पालन अधिकारी मदन मोहन, कार्यकारी अभियंता एम.एम.एस. धीमान, प्रदीप शर्मा, पंकज बेनीवाल, डीपीओ परमिंदर कौर, जिला बाल कल्याण अधिकारी रितु राठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि समाधान शिविर के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत की मॉनिटरिंग की जाएगी और समय पर निस्तारण न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

Comments