Saturday, February 14, 2026
Newspaper and Magzine


जिला न्यायालय परिसर में गूंजे लोहड़ी के गीत

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at January 13, 2026 Tags: , , , , , ,

-न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं ने मिलकर मनाया उत्सव

-कोर्ट परिसर में लोहड़ी का पारंपरिक उल्लास

-सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश

BOL PANIPAT , 13 जनवरी। जिला एवं सत्र न्यायालय, परिसर में मंगलवार को लोहड़ी का पर्व पारंपरिक उत्साह, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुदेश कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर न्यायालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जिसमें सभी माननीय न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के सदस्य एवं अधिवक्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं द्वारा लोहड़ी से जुड़े पारंपरिक गीतों, हास्य प्रसंगों एवं रोचक चुटकुलों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे उपस्थित जनसमूह आनंदित हो उठा। विशेष आकर्षण का केंद्र राजेश कुमार मेहता, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की प्रस्तुति रही, जिन्होंने लोहड़ी पर आधारित गीत, कविता की पंक्तियां एवं मनोरंजक चुटकुले प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ सराहा।

    लोहड़ी के उपलक्ष्य में मूंगफली एवं रेवड़ी सभी न्यायिक अधिकारियों को परोसी गई तथा अधिवक्ताओं एवं अन्य उपस्थित सदस्यों में भी वितरित की गई। इसके उपरांत न्यायिक अधिकारियों द्वारा लोहड़ी की अग्नि के चारों ओर परिक्रमा की गई तथा सामूहिक रूप से पारंपरिक लोहड़ी गीत गाए गए, जिससे वातावरण पूर्णत: सांस्कृतिक रंग में रंग गया।

यह आयोजन न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का एक सराहनीय प्रयास सिद्ध हुआ, जिसने न्यायालय परिसर को सांस्कृतिक एकता और भाईचारे के संदेश से सराबोर कर दिया।

Comments