Sunday, May 31, 2026
Newspaper and Magzine


महाराणा प्रताप का स्वाभिमान आज भी राष्ट्र की प्रेरणा, उनके आदर्शों पर चलकर ही बनेगा सशक्त भारत: कैबिनेट मंत्री महीपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 31, 2026 Tags: , , , , ,

वीरता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप के सम्मान में हुआ चौक का शिलान्यास, शिक्षा मंत्री ने किया भूमि पूजन

त्याग, साहस और मातृभूमि के सम्मान का अमर संदेश हैं महाराणा प्रताप

इतिहास के गौरव को नई पहचान, महाराणा प्रताप चौक आने वाली पीढ़ियों को देगा राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा

BOL PANIPAT , 31 मई। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के सम्मान में वार्ड नंबर-1 स्थित अंसल गेट नंबर-1, सेक्टर 13-17 में महाराणा प्रताप चौक के निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का रविवार को भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधिवत भूमि पूजन कर चौक निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिनका जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, साहस और स्वाभिमान की अद्भुत गाथा है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी अपने आत्मसम्मान और मातृभूमि की रक्षा के संकल्प से समझौता नहीं किया। उनका संपूर्ण जीवन स्वतंत्रता, सम्मान और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष का अनुपम उदाहरण है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप की वीरता केवल इतिहास का विषय नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करना और उनके गौरवशाली जीवन से समाज को जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप चौक जैसे स्मारक न केवल इतिहास को जीवंत बनाए रखते हैं, बल्कि युवाओं में देशभक्ति, आत्मगौरव और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करते हैं। ऐसे प्रयास समाज को अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
इस अवसर पर मेयर श्रीमती कोमल सैनी ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि यह चौक क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का केंद्र बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को अपने महान इतिहास और संस्कृति से परिचित कराएगा।
कार्यक्रम के संयोजक कपिल राणा ने सभी अतिथियों, समाज के प्रबुद्धजनों और नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता और सहयोग से ही ऐसे प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक कार्य संभव हो पाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद श्रीमती अनिता सुरेंद्र परुथी, पार्षद मनजीत कौर, अनिल शर्मा, चरणजीत राणा (सरपंच ददलाना), पवन राणा, राजेश राणा, दाता राणा, सुधीर राणा, ईश कुमार राणा, समीर राणा, नंदकिशोर पुंडीर, महेंद्र राणा, मोनू राणा, दीपक राणा, सचिन राणा, बंटी राणा, मोनू सोम, मनोज राजपूत, प्रियाव्रत राणा, निरंजन सिंह, गौरव राणा, रवि राणा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply