महावीर जयंती हमे शिक्षा और सेवा के महत्व को समझने का देती अवसर : उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
भगवान महावीर ने जीवन को सरल और नैतिकता के मार्ग पर जीने की दी शिक्षा
यह पर्व हमें अहिंसा, सत्य और शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता
जीवन में हिंसा और घृणा से बनाए दूरी, समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को दे बढ़ावा
BOL PANIPAT , 31 मार्च। भगवान महावीर की जयंती के पावन अवसर पर उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जिले के नागरिकों को संदेश दिया है कि यह पर्व हमें अहिंसा, सत्य और शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान महावीर ने जीवन को सरल और नैतिकता के मार्ग पर जीने की शिक्षा दी, जिसे आज के समय में अपनाना अति आवश्यक है।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि महावीर जयंती केवल धार्मिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह समाज में सहिष्णुता, नैतिकता और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने का अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवन में हिंसा और घृणा से दूरी बनाएँ और समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को बढ़ावा दें।
डॉ. दहिया ने कहा कि महावीर जयंती का संदेश केवल आचार और व्यवहार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण महावीर के सिद्धांतों के अनुरूप है। नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आस-पास के क्षेत्रों को स्वच्छ और हरा-भरा रखें।
उपायुक्त ने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि महावीर जयंती उन्हें शिक्षा और सेवा के महत्व को समझने का अवसर देती है। युवा अपने ज्ञान का उपयोग समाज की सेवा में करें और जीवन में अनुशासन, संयम और सत्यनिष्ठा अपनाएँ। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारियों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
डॉ. दहिया ने जिले के सभी नागरिकों को महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि इस अवसर पर सभी मिलकर अहिंसा, प्रेम और करुणा के संदेश को अपने जीवन में उतारें और समाज को एकजुट एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाएँ।

Comments