Friday, July 17, 2026
Newspaper and Magzine


शहर को ट्रैफिक जाम मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता. रिंग रोड़ शहर की जरूरत: उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 30, 2025 Tags: , , , , ,

-कमर्शियल ट्रैक्टर को किया जाएगा इंपाउंड, व्यापारियों पर होगी सख्ती: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

-पानीपत में रोड सेफ्टी और ट्रैफिक सुधार को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

-जिला रोड सेफ्टी कमेटी व सुरक्षित वाहन स्कूल पॉलिसी की समीक्षा, 15 सूत्रीय एजेंडे पर हुई गहन चर्चा

BOL PANIPAT , 30 सितंबर। जिला सचिवालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त डॉ. विरेन्द्र कुमार दहिया की अध्यक्षता में जिला रोड सेफ्टी कमेटी और सुरक्षित वाहन स्कूल पॉलिसी की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 सूत्रीय एजेंडे पर गंभीरता से चर्चा करते हुए शहर को साफ-सुथरा और ट्रैफिक जाम मुक्त बनाने पर जोर दिया गया।

    उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने, सडक़ दुर्घटनाओं को कम करने, और अवैध पार्किंग को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में कई नए विषयों को भी शामिल किया गया, जिनमें पानीपत में रिंग रोड निर्माण के प्रस्ताव को एनएच-44 के अधिकारियों के माध्यम से उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश शामिल थे। यह रिंग रोड शहर के अंदर ट्रैफिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से प्रस्तावित की जा रही है।

  उपायुक्त ने ओड-ईवन नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश भी दिए, ताकि वायु प्रदूषण और यातायात दोनों पर नियंत्रण पाया जा सके। इसके अलावा जो ट्रैक्टर संचालक शहर में अपने वाहन को कमर्शियल उपयोग में लाते हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई जैसे वाहन सीज करना और एफआईआर दर्ज करने जैसे निर्देश भी दिए गए।

  पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि एनएच-44 के दोनों ओर खड़े वाहनों के कारण होने वाले अव्यवस्था और दुर्घटनाओं को देखते हुए, अवैध रूप से खड़े वाहनों पर चालान बढ़ाने की योजना बनाई गई है। इस पर गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है।

  बैठक में एक दिन बाजार बंद रखने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई, जिसमें दशहरे के बाद इसे लागू करने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय भीड़-भाड़ और ट्रैफिक जाम से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। शहर के मुख्य बाजारों में रात्रि 8 बजे से सुबह 10 बजे तक बैरियर लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने पुलिस विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता जताई और सडक़ दुर्घटनाओं को कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ाने का सुझाव भी सामने आया, जिससे अवैध पार्किंग की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा।

    बैठक में सिवाह नहर, रेलवे रोड मरम्मत और खादी आश्रम के सामने जल निकासी पर ठोस कार्यवाही करने की भी निर्देश दिए गए। बैठक में नगर निगम की क्रेनों की मरम्मत व नई क्रेनों की खरीद, सात प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, और बिजली के खंभों को हटाकर चौक-चौराहों को व्यवस्थित करने पर भी निर्णय लिया गया।

  सिवाह गांव के पास नहर के किनारे रोलिंग लगाने का प्रस्ताव पास किया गया, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। रेलवे रोड की मरम्मत के निर्देश दिए गए ताकि आवागमन में सुगमता लाई जा सके। खादी आश्रम के सामने बारिश के समय जलभराव की समस्या पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए। इसके अलावा, सडक़ किनारे लगे पेड़ों व झाडिय़ों की कटाई के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया ताकि दृश्यता बनी रहे और सडक़ हादसे रोके जा सकें।

  उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बैठक में शामिल सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित बिंदुओं पर निश्चित समय सीमा के भीतर कार्य करें। प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, एसडीएम मनदीप, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीएमओ विजय मलिक, डीईओ राकेश बूरा, आरटीओ डॉ. नीरज जिंदल, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments