Monday, August 3, 2026
Newspaper and Magzine


हर शिकायत का होगा समयबद्ध निपटारा, लंबित शिकायतों पर नहीं चलेगी ढिलाई: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 3, 2026 Tags: , , , , ,

जनता की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर, अवैध कब्जे से लेकर बिजली चोरी तक हर मामले की होगी निष्पक्ष जांच

जनहित सर्वोपरि: शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध

हर शिकायत पर अधिकारियों की जवाब देही तय

BOL PANIPAT , 3 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन तथा उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। शिविर में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे तथा डीएसपी देवेंद्र छील्लर ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जनता समाधान शिविर सरकार की जनकल्याणकारी सोच का सशक्त माध्यम है, जहां प्रत्येक नागरिक की समस्या का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और तय समय सीमा के भीतर उसका समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं होगी।

अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी व्यक्ति को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। एसडीएम मनदीप ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और हर समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो। डीएसपी देवेंद्र छील्लर ने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जनता की शिकायतों पर पुलिस पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अपराध, अवैध गतिविधियों तथा सार्वजनिक हित से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और लोगों का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी मामलों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान गांव रसलपुर के लोगों ने महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत मिले 100-100 गज के प्लाटों पर हुए कथित अवैध कब्जों को हटाने की मांग रखी। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नौल्था गांव के निवासियों ने गांव के नालों की सफाई कराने की मांग उठाई। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।  गढ़ी सिकंदरपुर निवासी सोनू ने दिव्यांग पेंशन बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता की तत्काल जांच कर नियमानुसार शीघ्र पेंशन स्वीकृत करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

वहीं यशपाल ने तहसील कैंप से लाल बत्ती तक क्षेत्र में हो रही कथित बिजली चोरी पर रोक लगाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। जनता समाधान शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों का नियमानुसार, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। इस मौके पर एडीसी नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता आदित्य कुंडू, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता कर्ण बहल, जिला राजस्व अधिकारी कनब लाकड़ा, एसडीओ कृषि विभाग राजेश भारद्वाज, लेबर इंस्पेक्टर बलजीत मलिक, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र जोगी, राजेश भारद्वाज, कंप्लेंड अधिकारी सुरेश, संजीव शर्मा जोगिंदर रमेश सहित विभिन्न विभागों से अधिकारी और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply