छात्रों के लिए मंडला आर्ट का आयोजन किया गया
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्रों के लिए एक विशेष कक्षा गतिविधि के रूप में मंडला आर्ट का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 13 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, एकाग्रता तथा कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना था। गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सुंदर आकृतियां बनाईं, जिनमें उल्लू की आकृति, देवी मां की मनमोहक छवि तथा अन्य आकर्षक डिजाइन शामिल थे। विद्यार्थियों की कलाकृतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और उनकी कल्पनाशीलता व सृजनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह के विचार साझा करते हुए बताया गया कि मंडला आर्ट केवल एक कला नहीं, बल्कि मन को शांति और संतुलन प्रदान करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा, “मंडला आर्ट विद्यार्थियों की एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होती है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के भीतर छिपी रचनात्मक प्रतिभा को उजागर करती हैं और उन्हें सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करती हैं। कला के माध्यम से आत्म-अभिव्यक्ति का यह तरीका जीवन में संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।” इसके पश्चात विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मंडला आर्ट जैसी रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा, “इस प्रकार की गतिविधियां न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि धैर्य, एकाग्रता और सौंदर्यबोध को भी विकसित करती हैं। आप सभी विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जो अत्यंत सराहनीय है। भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी कला को निखारते रहें।” साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई दी।
सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई, जिसमें प्रथम स्थान पर वृंदा और प्रभजीत, द्वितीय स्थान पर काजल और कोमल, तृतीय स्थान पर नैन्सी और खुशबू तथा सांत्वना पुरस्कार पलक और रूपाली को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। यह संपूर्ण गतिविधि कक्षा मेंटर निशा गुप्ता द्वारा आयोजित की गई, जिन्होंने इस आयोजन को सफल एवं प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments