मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने का सशक्त माध्यम : कृष्णलाल पंवार
BOL PANIPAT , 27 सितंबर। हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने आज इसराना विधानसभा क्षेत्र के वैसर गांव स्थित बूथ नंबर 62 पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड को सुना।

इस अवसर पर मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों के साथ किया जाने वाला संवाद भारत की लोकतांत्रिक और सामाजिक शक्ति का एक अनूठा उदाहरण है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों, गांवों और क्षेत्रों में समाजहित के लिए कार्य कर रहे लोगों की प्रेरणादायी कहानियां पूरे देश तक पहुंचती हैं। प्रधानमंत्री इन प्रयासों को देश के सामने रखकर आम नागरिकों को भी सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का संवाद नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं, उपलब्धियों और आकांक्षाओं को एक मंच प्रदान करने वाला कार्यक्रम है। इसके माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की प्रतिभा, खेल, शिक्षा और सामाजिक सरोकार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों को प्रेरणा मिलती है।
कृष्णलाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ सरकार और समाज मिलकर विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन और सामाजिक कार्यों में उतारें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास मिलकर बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बनते हैं। गांवों के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, खेल और जनसेवा के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों से समाज को और मजबूत बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के गांव भी विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देना तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना और राष्ट्रहित एवं जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

Comments