एमडीडी ऑफ इंडिया की बाल विवाह विरोधी मुहिम बेहद सराहनीय – हरपाल ढांडा
BOL PANIPAT : हम सब ने ठाना है, पानीपत जिले से बाल विवाह मिटाना है। इस नारे के साथ चल रहे बाल विवाह मुक्ति रथ को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है। जिले के जिस भी स्थान से यह बाल विवाह मुक्ति रथ निकल रहा है, वहां लोग हस्ताक्षर कर इस मुहिम का समर्थन कर रहे हैं।
पानीपत जिले में बाल विवाह के खिलाफ 100 दिवसीय अभियान के तहत जस्ट राइटस फार चिल्ड्रन संगठन की सहयोगी संस्था एमडीडी ऑफ इण्डिया द्वारा चलाए जा रहे बाल विवाह मुक्ति रथ के तहत आज मंगलवार को हरपाल ढांडा, आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रिंसिपल जगदीश गुप्ता, राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जीटी रोड, उप जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र नरवाल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निजामपुर प्रिंसिपल रेणुका गुप्ता, ट्रैफिक थाना टोल टैक्स में एसआई कर्मवीर, सेक्टर 13-17 पुलिस थाना प्रभारी दलबीर खत्री ने स्टाफ समेत हस्ताक्षर कर इस मुहिम का समर्थन किया।
हरपाल ढांडा ने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। ग्रामीण क्षेत्रों में और कुछ कालोनियों में लोग अज्ञानता व गरीबी के चलते जल्दी ही कम उम्र में अपने बच्चों की शादी कर देते हैं। मैं सभी से अपील करता हूं कि अपने बच्चों की शादी बालिग होने पर ही करें। न तो हमें कम उम्र में बच्चों की शादी ही करनी चाहिए और न ही किसी भी बाल विवाह में शामिल होना चाहिए। हम आज भी बेटियों को पराया धन मानकर उनकी जल्दी शादी कर देते हैं। हमें अपनी सोच बदलनी होगी और बेटियों को पढ़ा-लिखा कर काबिल बनाना होगा। बेटियां भी माता-पिता और देश का नाम रोशन कर रही हैं। जल्दी शादी कर उनके सपनों को ना तोड़े।
आर्य पीजी कॉलेज से प्रिंसिपल जगदीश गुप्ता ने कहा कि बाल विवाह बच्चों का मानसिक विकास रोकता है और उनके मौलिक अधिकारों का हनन है। हम अपने बच्चों की शादी बालिग होने पर ही करें। बेटियों को पढ़ाएं-लिखाए और काबिल बनाएं। उसके बाद ही उनकी शादी करें।
आज इस रथ यात्रा में जिला समन्वयक संजय कुमार, वीएसी अजय चौहान, गुलाब पांचाल, प्रमोद निंबरी, आर्य पीजी कॉलेज से एनएसएस इंचार्ज आस्था, मनीषा, निजामपुर स्कूल से सुरेंद्र राठी, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर कांता इत्यादि शामिल रहे।
गौरतलब है कि जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की सहयोगी संस्था एमडीडी ऑफ इंडिया द्वारा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण और सरंक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी पानीपत के संयुक्त तत्वाधान में यह बाल विवाह मुक्ति रथ 29 जनवरी से पानीपत और पानीपत के गांवों में जागरूकता अभियान चला रही है जिसका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करना है।

Comments