श्रमिक की हत्या के मामले में नाबालिग आरोपी गिरफ्तार।
बोल पानीपत : 01 जून 2023 , फ्लोरा चौक पर चिकन कॉर्नर शॉप पर श्रमिक की हत्या के मामले में नाबालिग आरोपी को थाना औद्योगिक सेक्टर 29 पुलिस ने बुधवार को फ्लोरा चौक से गिरफ्तार किया।
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि जावेद पुत्र रफिक निवासी शाहपुर उत्तर दिनाजपुर पश्चिम बंगाल हाल किरायेदार संदीप कॉलोनी फ्लोरा चौक ने थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में शिकायत देकर बताया था कि उसका साला तनवीर पुत्र इसान निवासी सरीपुर दिनाजपुर पश्चिम बंगाल का परिवार पिछले करीब 20-22 साल से पानीपत में फ्लोरा चौक पर रमेश कॉलोनी में रहता है। तनवीर सेक्टर 29 की एक फैक्टरी में पांच-छह साल से क्लिपिंग का काम करता था। वह चिकन खाता था। पड़ोसी नाबालिग की फ्लोरा चौक पर मुर्गे की दुकान है। चिकन लेते समय पैसे के लेनदेन को लेकर साले तनवीर की नाबालिग चिकन कॉर्नर संचालक के साथ कहासुनी हो गई थी। 28 मई की साय तनवीर चिकन लेने के लिए दुकान पर गया तो नाबालिग चिकन कॉर्नर संचालक ने इसी रंजिश में तनवीर पर मुर्गे काटने वाले चाकू से 5/6 वार किये। सिवाह निवासी नरेंद्र पुत्र रघबीर तनवीर को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर गया जहां से हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। तनवीर को टोल प्लाजा के पास एक नीजी अस्पताल में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान 29 मई को उसकी मौत हो गई। जावेद की शिकायत पर थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने नाबालिग आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि पुलिस टीम ने बुधवार को नाबालिग आरोपी को सेक्टर 29 में फ्लोरा चौक से गिरफ्तार कर डिटेन किया तो उसने हत्या की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। डिटेन के दौरान नाबालिग आरोपी ने बताया कि 28 मई को उसकी दुकान पर तनवीर मीट लेने के लिए आया, उसने तनवीर से पूरे पैसे मांगे तो वह पैसे ना देकर गाली गलौच करने लगा। उसने मुर्गे काटने वाली छुरी से तनवीर पर वार किये और छुरी सहित मौके से फरार हो गया था। बाद में इलाज के दौरान तनवीर की मौत हो गई थी।
इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि नाबालिग आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मुर्गे काटने वाली छुरी बरामद कर पुलिस टीम ने बुधवार को नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जहां से उसे बाल सुधार गृह मधुबन भेजा गया।

Comments