बदमाशों ने पानीपत में युवक पर गोलियां चलाई। 10 राउंड से ज्यादा फायरिंग।
BOL PANIPAT : पानीपत जिले में 2 बाइक सवार 6 बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। युवक खुद को बचाने के लिए खेतों में कूद पड़ा। भागते हुए उसके गोलियां लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल ने मामले की सूचना अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। वे घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले आए। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को रोहतक रेफर किया गया। वहीं, सूचना मिलते ही सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु कंबोज अस्पताल पहुंचे, जिन्होंने प्रारंभिक पूछताछ के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में घायल शुभम ने बताया कि वह 20 साल का है। वह करनाल के हर सिंहपुरा गांव का रहने वाला है। 2 साल पहले वह गांव के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता था, जहां आपसी लड़ाई-झगड़े में एक लड़के की मौत हो गई थी। आज रंजिशन उस पर हमला हुआ है। वह खेतों में काम कर रहा था इसी दौरान वहां 2 पल्सर बाइक आकर रूकीं। बाइकों पर 6 युवक सवार थे, उन्होंने वहां आते ही उसपर पिस्टल तान दी। पिस्टल देखकर वह वहां से भाग निकला। भागने के दौरान उन्होंने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। बदमाश नकाबपोश थे, जिनके पास ऑटोमैटिक पिस्टल थे। बदमाशों ने 10 से ज्यादा राउंड फायर किए। 2 गोलियां उसे लगीं। एक गोली बाजू में और दूसरी गोली कूल्हे पर लगी है।

Comments