सड़क पर घूमने निकले तीन दोस्तों से मारपीट कर डंडों व रॉड से चोट मारने के दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT : 11 सितंबर : हथवाला चौकी पुलिस ने गांव राक्सेड़ा में बैगा रोड पर घूमने निकले तीन दोस्तों के साथ मारपीट कर डंडों व रॉड से चोट मारने के मामले में दो आरोपियों को वीरवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव राक्सेड़ा निवासी सुखदेव व रूप सिंह के रूप में हुई है।
हथवाला चौकी इंचार्ज एएसआई राजेंद्र ने बताया कि थाना समालखा की हथवाला चौकी में गांव राक्सेड़ा निवासी प्रशांत पुत्र मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 28 अगस्त की शाम करीब 8:45 बजे वह अपने दोस्त सुनील व गौरव के साथ गांव से बैगा रोड पर घूमने गया था। तीनों घूमते हुए वकील की डेयरी के पास पहुंचे। इसी दौरान गांव की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई कार वहां आई। कार से गांव निवासी सुखदेव, राजू, करन, रूपा तथा सुखदेव का जीजा नीचे उतरे। उन सभी के हाथों में तलवार व रॉड थी।
आरोपियों ने कार से उतरते ही गौरव के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने और सुनील ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपी राजू ने उसके पैर पर रॉड से वार किए। उसने बचाव के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास लोगों की भीड़ एकत्रित होने लगी तो सभी आरोपी उन्हें चोट मारकर व जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना समालखा में प्रशांत की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
इंचार्ज एएसआई राजेंद्र ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मामले में नामजद अपने फरार साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी सुखदेव ने बताया कि उसकी गौरव के साथ पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते उसने अपने नामजद साथी आरोपियों के साथ मिलकर गौरव व उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर चोट मारने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक तलवार व एक डंडा बरामद कर दोनों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

Comments