Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


सांसद संजय भाटिया ने डीसी व एसपी समेत विभिन्न अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत कार्यो का जायजा लिया और मौका मुआयना किया।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 11, 2023 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : 11 जुलाई। यमुना नदी में बढ़े जल स्तर के चलते गांव नवादाआर में तटबंध टूटने के कारण हो रही लोगों की परेशानी को लेकर करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय भाटिया ने डीसी व एसपी समेत विभिन्न अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत कार्यो का जायजा लिया और मौका मुआयना किया। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत तौर पर इस पूरे घटनाक्रम पर निगरानी कर रहे हैं। कोई भी नागरिक बिल्कुल भी ना घबराए।

उन्होंने कहा कि जल स्तर के मद्देनजर सभी रिंग बांधों की जांच और मरम्मत कार्य भी निरन्तर जारी रखा जाए। जिला प्रशासन के सभी सम्बंधित अधिकारी अपनी-अपनी डयुटियों पर तैनात रहें। उन्होंने यमुना तट से लगते सभी गांवों के जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे किसी भी असामान्य परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी इस तरह की समस्या आती है तो तुरन्त इसकी सूचना सांसद कार्यालय या जिला प्रशासन को दें। उन्होंने नवादाआर में टूटे तटबंध का निरीक्षण कर राहत कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद संजय भाटिया ने सनौली खुर्द स्थित गऊशाला का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि समय रहते गऊवंश को सनौली गऊशाला से निकालकर अन्य गौशालाओं में शिफ्ट कर दिया गया है।  उन्होंने कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना उनका दायित्व है।

मौके पर मौजूद उपायुक्त वीरेन्द्र कुमार दहिया ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरन्त राहतकार्यो में जुट गया। सुबह से ही सभी सम्बंधित अधिकारी और कर्मचारी राहतकार्यो में जुटे हुए हैं और लोगों को सहायता मुहैया करवा रहे हैं। जिला के लोगों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नही आने दी जाएगी। उनके साथ एसपी अजीत शेखावत व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments