डी0ए0वी0 पुलिस पब्लिक स्कूल प्रांगण में नेशनल सर्विस स्कीम (NSS) के साप्ताहिक कैंप का किया शुभारंभ. कर्मवीर सिंह (पुलिस उप निरीक्षक) पानीपत ने किया विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक
BOL PANIPAT : डी0ए0वी0 पुलिस पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार 19 जनवरी 2024 को नेशनल सर्विस स्कीम का साप्ताहिक कैंप आयोजित किया गया। यह कैंप 19 से 25 जनवरी 2024 तक सुचारू रूप से चलेगा। इस कैंप के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के ज्ञान से परिपूर्ण किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को समाज सेवा, सड़क सुरक्षा, स्वस्थ निरीक्षण, संस्कार बोध, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा, साइबर सुरक्षा एवं ललित कलाओं से संबंधित ज्ञान में पारंगत किया जाएगा। 19 जनवरी 2024 को कर्मवीर सिंह , पुलिस उप निरीक्षक ने विद्यार्थियों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर डॉ0 राजबीर आर्य, सचिव, वैदिक परिवार, डॉ0 पवन बंसल अध्यक्ष, वैदिक परिवार उपस्थित रहे। प्रधानाचार्या अनुपमा सिन्हा ने सभी महानुभावों का स्कूल प्रांगण में हार्दिक अभिनंदन किया। कर्मवीर सिंह, पुलिस उप निरीक्षक ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आज प्रत्येक व्यक्ति किसी ने किसी रूप से एक सड़क उपभोगकर्ता है। वर्तमान परिवहन प्रणाली ने दूरियों को कम कर दिया है लेकिन दूसरी ओर जीवन के जोखिम को बढ़ा दिया है। दिनों दिन सड़क पर जागरूकता की कमी एवं लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटनाएँ बढ़ती जा रही है। हमारा मुख्य उद्देश्य अपनी युवा पीढ़ी को यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक करना है। ताकि यातायात सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाया जा सके। इस अवसर पर NSS कैंप के इंचार्ज सुखदेव एवं पार्थ ने अपना पूर्ण सहयोग दिया। इस अवसर पर सभी सुपरवाइजरी हेड, अध्यापकगण एवं बच्चे मौजूद रहे।

Comments