मतदाता सूची पुनरीक्षण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
बी एल ओ हर पात्र मतदाता का सत्यापन समयबद्ध तरीके से पूरा करें
बीएलओ घर-घर जाकर करें सत्यापन, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता रखें
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से जुटा
BOL PANIPAT , 1 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरश: पालना सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने और किसी भी अपात्र नाम के बने रहने की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें और प्राप्त होने वाले प्रपत्रों का शीघ्र डिजिटाइजेशन एवं सत्यापन सुनिश्चित करें। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रत्येक स्तर पर प्रगति की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण दायित्व है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो। सभी अधिकारी और बीएलओ पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करें। जहां भी किसी प्रकार की कमी सामने आए, उसे तत्काल दूर किया जाए ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन तैयार हो सके।

Comments