Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एडीसी अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 3, 2026 Tags: , , , ,

बैठकों से गैरहाजिर अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

हर शिकायत के रिजेक्शन का ठोस आधार जरूरी

समाधान प्रकोष्ठ समीक्षा में प्रशासन सख्त, अधिकारियों को कड़े निर्देश

BOL PANIPAT , 3 अप्रैल। जिला सचिवालय सभागार में शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। बैठक में प्रशासन ने शिकायतों के निस्तारण को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार के मत्स्य विभाग के प्रधान सचिव डी. सुरेश, (आईएएस) ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश के उपायुक्तों से कहा कि किसी भी शिकायत को निरस्त करने के लिए ठोस और तर्कसंगत कारण होना अनिवार्य है। बिना उचित आधार के शिकायतों को खारिज करना स्वीकार्य नहीं होगा।

    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने जिले के सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी अपनी जगह किसी अन्य अधिकारी या क्लर्क को बैठक में भेजते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एडीसी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर निर्णय पारदर्शी, तथ्यात्मक और जवाबदेह होना चाहिए। जो अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से बचने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों को अस्वीकार किया जाए, उनके साथ स्पष्ट कारण, न्यायालय से संबंधित संदर्भ तथा विकास कार्यों से जुड़ी मांगों के लिए तैयार किए गए एस्टिमेट और बजट का पूरा विवरण संलग्न किया जाए। उन्होंने एटीआर को साफ-सुथरा और प्रमाणिक बनाने, साथ ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के हस्ताक्षर कराकर उसे पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एसडीएम मनदीप, सीईओ डॉ. किरण, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीएम जीजीए आदिति, डीएसपी सतीश वत्स, डीएचओ संदीप, जिला रोजगार अधिकारी रितु चहल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply