अधिकारी एजेंडे के प्रत्येक प्रस्ताव पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें: उपायुक्त डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया
शुगर मिल की बैठक में 13 सूत्रीय एजेंडे पर मंथन
BOL PANIPAT , 17 नवंबर। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को पानीपत सहकारी चीनी मिल की बैठक उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 13 सूत्रीय एजेंडा पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रस्ताव पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य रूप से मिल की नई साइट डाहर पर 90 केएलपीडी (किलो लीटर प्रतिदिन) क्षमता वाले नए इथेनॉल संयंत्र की स्थापना हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर चर्चा हुई। इसके अलावा मिल और आसवनी इकाई में कार्यरत ग्रुप-डी कर्मचारियों को प्रदेश सरकार के निर्देश अनुसार त्योहारी अवसर पर 13,000 रुपये ब्याज रहित अग्रिम देने के प्रस्ताव के अलावा मिल के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी की सेवा के दौरान मृत्यु के उपरांत, उनके आश्रितों को वर्तमान नीति के तहत अनुकंपात्मक सहायता प्रदान करने के प्रस्ताव, सीजन 2025-26 के लिए छोटे पीपी बैग (10 और 20 किलो), द्रव प्रवाह मापक, फ्लोटिंग एयर ब्लोअर व जल-शीतित ब्लोअर, तथा बगास के परिवहन आदि की खरीद और कार्य आवंटन के प्रस्तावों , पुरानी चीनी मिल तथा केन यार्ड की सुरक्षा व्यवस्था को ठेके पर देने के प्रस्ताव, को-ऑपरेटिव बैंक भवन, चीनी विक्रय केंद्र भवन निर्माण तथा वीटा बूथ स्थानांतरण के प्रस्ताव के अलावा अतिरिक्त एजेंडा के तहत गाद की बिक्री हेतु निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव और चर्चा हुई।
बैठक के समापन पर प्रबंध निदेशक संदीप ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित कार्यवाही पारदर्शिता व दक्षता के साथ समय रहते पूर्ण की जाए, ताकि आगामी पिराई सीजन में मिल का संचालन सुचारु रूप से हो सके। इस मौके पर शुगर मिल के एमडी संदीप के अलावा मिल के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments