31 अगस्त को पानीपत के 2 लाख 26 हजार 389 विद्यार्थी देंगे यातायात नियमों की परीक्षा
जिले के सभी स्कूल, कॉलेज एवं शिक्षण संस्थानों में आयोजित होगी परीक्षा
BOL PANIPAT , 27 अगस्त : पुलिस महानिदेशक हरियाणा (डीजीपी) अजय सिंघल की प्रेरणा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) यातायात एवं हाईवे हरियाणा विकास अरोड़ा के दिशा-निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूल एवं कॉलेज स्तर की सड़क सुरक्षा परीक्षा जिला में 31 अगस्त को होगी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के साथ वीरवार को उनके कार्यालय में जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों तथा यातायात प्रभारी व जोन इंचार्जो की बैठक लेकर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि सड़क सुरक्षा परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ यातायात नियमों की जानकारी देना और उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार वाहन चालक और जागरूक नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि बचपन में सीखी गई अच्छी बातें जीवनभर याद रहती हैं। इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली गई हैं। जिले में 31 अगस्त को आयोजित होने वाली स्कूल एवं कॉलेज स्तर की सड़क सुरक्षा परीक्षा में 2 लाख 26 हजार 389 विद्यार्थी भाग लेंगे।
चार स्तरों पर होगी परीक्षा
उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि जिले के प्रत्येक स्कूल, कॉलेज एवं शिक्षण संस्थान में सड़क सुरक्षा परीक्षा चार स्तरों पर आयोजित की जाएगी। प्रथम स्तर में तीसरी से पांचवीं कक्षा, दूसरे स्तर में छठी से आठवीं कक्षा, तीसरे स्तर में नौवीं से 12वीं कक्षा तथा चौथे स्तर में कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे।
स्कूल एवं कॉलेज स्तर की परीक्षा के बाद खंड स्तर, जिला स्तर, रेंज स्तर और प्रदेश स्तर पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि सड़क सुरक्षा परीक्षा विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं शिक्षण संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

Comments