स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में डी०ए०वी० पुलिस पब्लिक स्कूल प्रांगण हुआ देशभक्ति गीतों से गुंजायमान.
BOL PANIPAT : डी०ए०वी० पुलिस पब्लिक स्कूल परिसर में बुधवार दिनांक 14.08.2024 को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अंतर्सदनीय देशभक्ति राग-रंग प्रतियोगिता, पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता, देशभक्ति गीतों पर नृत्य, हर-घर तिरंगा फहराओ आदि गतिविधियों का आयोजन किया गया। सभी छात्रों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी देशभक्ति की भावना को दर्शाया। किंडरगार्टन विंग के नन्हे-मुन्नों ने देशभक्ति गीतों, भाषणों, कविताओं एवं नृत्य के द्वारा सभी को देशभक्ति की भावना से ओत- प्रोत कर दिया। प्रधानाचार्या सुमिता अरोड़ा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इस राष्ट्रीय पर्व पर भारत माता एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षों के बारे में बताया कि किस प्रकार हमारे देशभक्तों ने अंग्रेज़ों के दुर्व्यवहारों एवं अत्याचारों का विरोध किया और स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए आंदोलन चला कर अंग्रेजों को भारत छोड़ने के लिए मज़बूर कर दिया। उन्होंने छात्रों को बताया कि हमें भी उन महान देशभक्तों के पदचिन्हों का अनुकरण करना चाहिए और स्वतंत्र भारत को आदर्श राम राज्य बनाने का स्वप्न पूरा करना चाहिए। अंतर सदनीय राग रंग प्रतियोगिता में टैगोर हाउस सदन ने प्रथम और चाणक्य सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विजेता छात्रों को प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। तत्पश्चात सभी ने राष्ट्रगान गाया और वंदे मातरम एवं भारत माता की जय के नारों के साथ सभा का समापन किया गया।

Comments