Thursday, July 2, 2026
Newspaper and Magzine


अखिल भारतीय गोष्ठी एवं महिला सम्मेलन 6 से

By LALIT SHARMA , in Uncategorized , at November 5, 2022 Tags: , , ,

केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी होंगी मुख्यातिथि

तीन दिन संस्कृत भारती पानीपत के पट्टी कल्याणा में होगा भव्य आयोजन

BOL PANIPAT :सन्नी कथूरिया, जिले के पट्टी कल्याणा क्षेत्र तीन दिन तक देवभाषा संस्कृत के रंग में रंगा रहेगा। यहां के सेवा साधना केंद्र में संस्कृत भारती अखिलभारतीय गोष्ठी और महिला सम्मेलन का आयोजन कर रही है। रविवार से शुरू होने वाले उद्घाटन सत्र में केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी मुख्यातिथि होंगी। अध्यक्षता संस्कृत भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष गोपबंधु मिश्र करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर मौजूद रहेंगे। आयोजन में संस्कृत भारती के अखिलभारतीय संगठन मंत्री दिनेश कामत, सह संगठन मंत्री जयप्रकाश, उतर क्षेत्र के संगठन मंत्री नरेंद्र कुमार, प्रदेशाध्यक्ष रामनिवास आदि भी उपस्थित रहेंगे। संस्कृत भारती के प्रांत प्रचार प्रमुख सतेंद्र कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संस्कृत को जन-जन की व्यवहार भाषा बनाने के लिए संस्कृत भारती वर्ष 2000 से हरियाणा राज्य में कार्य कर रही है। संस्कृत भारती विविध प्रकार के प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन करके समाज के प्रत्येक वर्ग को संस्कृत बोलना सिखा रही है। अनेक प्रकार के आयामों के माध्यम से भी समाज को संस्कृत और संस्कृति से जोड़ने का कार्य संस्कृत भारती निरन्तर रूप से कर रही है। वर्तमान में महिलाओं का नेतृत्व समाज में अग्रणी है। संस्कृत के क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ती है तो सांस्कृतिक सुदृढ़ीकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए संस्कृतभारती का अखिलभारतीय महिला सम्मेलन हरियाणा प्रान्त के सेवा साधना एवं ग्राम विकास केन्द्र पट्टीकल्याणा, समालखा में 6, 7 एवं 8 नवम्बर, 2022 को आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन सत्र 06 नवम्बर, 2022 को दोपहर 2:30 से 4:00 बजे तक रहेगा। समापन सत्र की 08 नवम्बर, 2022 को 12:00 बजे शुरुआत होगी।

तीन दिन होगा संस्कृतमय वातावरण

सतेंद्र कुमार ने बताया तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में संस्कृत भारती के हजारों कार्यकर्ता देशभर से पहुंचेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता संस्कृत में ही संवाद करेंगे। संस्कृत प्रदर्शनी और संस्कृत साहित्य स्टाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन की व्यवस्था को लेकर तीन बार बैठक की जा चुकी है। प्रदेश के दो सौ से अधिक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी लगा दी गई है। राष्ट्रीय स्तर का संस्कृत भारती का प्रदेश में यह पहला आयोजन होगा।

Comments