Friday, May 22, 2026
Newspaper and Magzine


यार्न कारोबारी से 2 लाख से ज्यादा की ठगी करने वाले गिरोह का एक आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at May 22, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 22 मई : सीआईए वन पुलिस ने यार्न कारोबारी से 2 लाख 29 हजार 979 रुपए का धागा खरीदकर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को वीरवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जाटल रोड न्यू माडल टाउन सैनी कॉलोनी निवासी प्रीत सिंह के रूप में हुई है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि थाना चांदनी बाग में सोनीपत के गांव ढुराना निवासी अरविंद पुत्र दलबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह यार्न का कारोबार करता है और उग्राखेड़ी काला आंबा रोड पर उसकी श्याम यार्न के नाम से फैक्टरी है। 11 सितंबर 2025 को दीपक कपूर, प्रीत सिंह, राज रतन और राहुल कुमार उसकी फैक्टरी में निर्मल बाला जी स्पिन टेक्स प्राइवेट लिमिटेड का सैंपल लेकर आए और धागा खरीदने की बात की। चारों ने बताया उनकी सेक्टर-25 में ओम ट्रेडर्स, महादेव इंटरप्राइजेज, नानक इंटरप्राइजेज और फर्निशिंग वाला नाम से चार फर्म हैं तथा वे इन्हीं फर्मों के माध्यम से व्यापार करते हैं। चारों ने 3744 किलो धागे का ऑर्डर दिया। उसने 13 सितंबर 2025 को दो बिलों के माध्यम से दो गाड़ियों में माल लोढ़ कराकर सेक्टर-25 स्थित उनकी फैक्टरी में भिजवा दिया। माल के भुगतान के लिए उसको 2 लाख 29 हजार 979 रुपए का एक चेक दिया। उसने बैंक में चेक लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद उसने चारों से संपर्क कर चेक बाउंस होने की जानकारी दी और भुगतान करने के लिए कहा, चारों टालमटोल करने लगे। कई बार भुगतान के लिए कहने पर आरोपियों ने कहा कि वे लोगों को इसी तरह ठगते हैं और उसको भी अपनी ठगी का शिकार बनाया है। उसको अन्य व्यापारियों से बातचीत करने पर पता चला आरोपियों ने कई व्यापारियों के साथ इसी प्रकार ठगी की है। इससे पहले आरोपियों ने गुप्ता यार्न से 5 लाख 95 हजार 456 रुपए, महादेव टेक्सटाइल मील से 4 लाख 45 हजार 410 रुपए तथा निर्मल बाला जी कॉट स्पिन से 2 लाख 10 हजार रुपए के चेक देकर ठगी की हुई है। आरोपियों ने उससे माल लेकर 2 लाख 29 हजार 979 रुपए की धोखाधड़ी कर ली। चारों आरोपी लोगों को अपना शिकार बनाकर ठगी करते हैं। आरोपी अपना ठिकाना भी बदलते रहते हैं। थाना चांदनी बाग में अरविंद की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।

प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पुछताछ में आरोपी प्रीत ने नामजद तीनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर ठगी की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसकी टोल प्लाजा के पास प्लास्टिक दाना की फैक्टरी थी। नुकशान होने पर करीब डेढ़ साल पहले उसने फैक्टरी बंद कर दी थी। पूछताछ में बताया उसकी काफी समय से दीपक कपूर, राज रतन और राहुल कुमार से अच्छी दोस्ती है। तीनों की सेक्टर 25 में फर्में है। उन चारों ने मिलकर शार्टकट तरिके से पैसे कमाने के लिए व्यापारियों के साथ ठगी करने की साजिश रची और एकाएक ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ आरोपी कारोबारियों से माल खरीदकर चेक दे देते थे और चेक बाउंस हो जाते थे। पूछताछ में आरोपी ने पुसिल को बताया अरविंद से लिया 3744 किलो धागा उन्होंने लुधियाना धागा मार्केट में 2 लाख रूपए में बेचकर पैसे बराबर चार हिस्सों में बाट लिए थे।

पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी प्रीत सिंह को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही हिस्से में आई नकदी बरामद करने और वारदात में शामिल फरार इसके साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply