पुलिस पार्टी और बदमाशों के बीच चली गोलियां.
BOL PANIPAT : पानीपत के समालखा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस पार्टी और बदमाशों के बीच गोलियां चल गयी। बदमाश बिना नंबर प्लेट की सिल्वर कलर की गाड़ी में सवार थे व पुलिस की CIA टीम उनका पीछा कर रही थी। डोढपुर मोड़ से नारायणा रोड पर अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने पुलिस पार्टी को निशाना बनाकर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस बीच पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों को गोलियां लग गई।

इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मौके पर काबू किया व दोनों को सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां चेकअप के दौरान बदमाश राकेश उर्फ राका निवासी गांव गढ़ी सिसाना को मृत घोषित कर दिया। जबकि सोनू जाट निवासी हरिनगर, पानीपत की हालत नाजुक होने के चलते उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार पिछले दिनों शहर के एक बड़े मिष्ठान भंडार संचालक और एक डेयरी संचालक से जेल के अंदर से फोन कर रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर दोनों को जान से मारने की धमकियां दी गई थी। इसी मामले में ये दोनों बदमाश जेल के बाहर गैंग को चला रहे थे व पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल थे। शुक्रवार शाम को ये किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिल गई जिसके आधार पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।

Comments