मारपीट कर बाइक व नगदी छीनने वाले गिरोह का एक आरोपी गिरफ्तार.छीनी गई बाइक बरामद.
BOL PANIPAT : 03 जुलाई 2024, थाना चांदनी बाग पुलिस ने पुराना सब्जी मंडी के पास युवक से मारपीट कर बाइक व नगदी छीनने वाले गिरोह के एक आरोपी को बलजीत नगर नाका से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मोहम्मद रकीब निवासी पहलवान चौक के रूप में हुई।
थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि उनकी टीम को मंगलवार देर शाम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर सनौली की और से पानीपत की तरफ आ रहा है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानते हुए बलजीत नगर नाका पर नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात एक युवक स्पलेंडर बाइक पर सनौली की और से आते हुए दिखाई दिया। पास आने पर पुलिस टीम ने बाइक का रूकवाकर युवक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान मोहम्मद रकीब उर्फ बिल्ला पुत्र मोहम्मद रफी निवासी पहलवान चौक के रूप में बताई। बाइक के कागजात मांगने पर युवक बहाने बाजी करने लगा। गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने 23 जून की देर शाम सब्जी मंडी के पास अपने भाई राशिद व दोस्त फरहीन के साथ मिलकर एक युवक से मारपीट कर उक्त बाइक, पर्स व मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पर्स में 4 हजार रूपये कैश व अन्य दस्तावेज थे। स्नेचिंग की उक्त वारदात बारे थाना चांदनी बाग में हितेश पुत्र नरेंद्र निवासी सेक्टर 12 की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उसका भाई राशिद व दोस्त फरहीन नशा करने के आदी है। तीनों एक साथ मिलकर नशा करते है। नशा खरीदने के लिए पैसे नही थे तो तीनों आरोपियों ने मिलकर स्नेचिंग की उक्त वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी मोहम्मद रकीब के कब्जे से छीनी गई बाइक बरामद कर पूछताछ के बाद बुधवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments