Wednesday, June 3, 2026
Newspaper and Magzine


ऑपरेशन ट्रैक डाउन : युवक के घर फायरिंग और रंगदारी मांगने की वारदात के और तीन आरोपियों को काबू किया

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at November 22, 2025 Tags: , , , , ,

-इनमें दो आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकाॅर्ड, एक आरोपी पर संगीन वारदातों के चार व दूसरे पर एक मामला दर्ज है।

BOL PANIPAT , 22 नवंबर, अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह आईपीएस के आदेशानुसार और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में पानीपत पुलिस द्वारा ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में पानीपत पुलिस की एएनसी टीम ने बिहौली गांव में घर पर हुई फायरिंग और रंगदारी मांगने की वारदात में फरार तीन और आरोपियों को शुक्रवार शाम को सोनीपत के मुरथल बस अड्डा के पास से काबू किया है। आरोपियों की पहचान रोहतक के सांपला गांव निवासी अजीत उर्फ आदित्य, मनजीत उर्फ चान्नू व आशीष के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे अपने साथी आरोपी मोहित के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा है। विकास नगर निवासी आरोपी मोहित को पुलिस ने बीते बुधवार को सोनीपत में बहालगढ़ रोड से गिरफ्तार किया था। आरोपी मोहित से छह दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ आरोपी अजीत व आशीष आरोपी मोहित के ममेरे भाई है और आरोपी मंजीत दोनों का दोस्त है। आरोपी मोहित ने तीनों आरोपियों को पैसों का प्रलोभन देकर वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया था।

दो आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड

आरोपी आशीष व अजीत का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी आशीष पर लूट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट व आर्म्स एक्ट में चार मामले दर्ज हैं। उक्त मामलों में आरोपी जेल से बेल पर आया हुआ है। वहीं आरोपी अजीत पर एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है। उक्त मामले में आरोपी जेल से बेल पर बाहर आया हुआ है।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया। जहा से उनको चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्तौल व बाइक बरामद करने का प्रयास करेगी।

यह है मामला

थाना बापौली में बिहोली गांव निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह वर्ष 2019 में अमेरिका गया था और करीब 15 दिन पहले वापिस आया है।
16 नवंबर की रात करीब 12 बजे तीन युवक एक बाइक पर गली में आए। बाइक से दो युवक नीचे उतरे और उनमें से एक ने घर के गेट पर फायरिंग कर दी। फायरिंग कर तीनों आरोपी मौके से हथियारों सहित बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
उक्त वारदात के बाद उसके अमेरिका वाले नंबर के वॉट्सअप पर एक नंबर से एक धमकी भरी वॉयस रिकार्डिंग आई। वॉयस रिकार्डिंग में उससे पैसों की मांग की गई । उसे डराने और दहशत फैलाने के लिए उक्त वारदात को अंजाम दिया गया है। प्रदीप की शिकायत पर थाना बापौली में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी एएनसी प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम को सौंपी गई थी।

Comments