Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


ऑपरेशन ट्रैक डाउन : युवक के घर फायरिंग और रंगदारी मांगने की वारदात के आरोपियों से 2 दो देसी पिस्तौल, 8 जिंदा रौंद, 5 मोबाइल, 1 बाइक व 2 गाड़ी बरामद.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at November 26, 2025 Tags: , , , , ,

-तीन आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकाॅर्ड,
-एक आरोपी पर संगीन वारदातों के चार, दूसरे पर एक व तीसरे पर 2 मामले दर्ज है।

BOL PANIPAT , 26 नवंबर, अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह आईपीएस के आदेशानुसार और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में पानीपत पुलिस द्वारा ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
इसी कड़ी में पानीपत पुलिस की एएनसी टीम ने बिहौली गांव में घर पर हुई फायरिंग और रंगदारी मांगने की वारदात में गिरफ्तार चार आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान 2 दो देसी पिस्तौल, 8 जिंदा रौंद, 5 मोबाइल, 1 बाइक व 2 गाड़ी बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बुधवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि एएनसी प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम ने उक्त वारदात का पर्दाफाश कर गिरोह के मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ गिरोह के मास्टरमाइंड आरोपी विकास नगर निवासी आरोपी मोहित ने अमेरिका में रह रहे अपने जानकार रेर कला गांव निवासी अनिल के कहने पर अपने ममेरे भाई रोहतक के सांपला गांव निवासी आरोपी अजीत उर्फ आदित्य, आशीष व सांपला निवासी इनके दोस्त मंजीत उर्फ चान्नू के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम दिया था।
रेर कलां गांव निवासी अनिल करीब 2 साल पहले डोंकी के रास्ते अमेरिका गया था। बिहौली गांव निवासी पीड़ित प्रदीप वर्ष 2019 में अमेरिका गया था और करीब 15 दिन पहले वापिस आया है। अनिल को लगा प्रदीप के पास काफी पैसे होंगे। अनिल ने प्रदीप से रंगदारी मांगने के लिए उक्त आरोपियों को 2 लाख रुपए देने का प्रलोभन देकर से प्रदीप के घर फायरिंग करवा दहशत बना 90 हजार अमेरिकी डॉलर मांगे थे।
एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे वारदात में प्रयुक्त 2 दो देसी पिस्तौल, 8 जिंदा रौंद, 5 मोबाइल, 1 बाइक व 2 गाड़ी बरामद कर बुधवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी अजीत, आशीष व मंजीत को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी मोहित को और दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। आरोपी मोहित रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ की जाएगी।

तीन आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड :

आरोपी मोहित, आशीष व अजीत का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है।

  1. आरोपी मोहित पर चोरी व जानलेवा हमला करने की वारदातों के दो मामले दर्ज है। आरोपी उक्त मामलों में जेल से बेल पर आया हुआ है।
  2. आरोपी आशीष पर लूट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट व आर्म्स एक्ट में चार मामले दर्ज हैं। उक्त मामलों में आरोपी जेल से बेल पर आया हुआ है।
  3. आरोपी अजीत पर एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है। उक्त मामले में आरोपी जेल से बेल पर बाहर आया हुआ है।

यह है मामला :

थाना बापौली में बिहोली गांव निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह वर्ष 2019 में अमेरिका गया था और करीब 15 दिन पहले वापिस आया है। 16 नवंबर की रात करीब 12 बजे तीन युवक एक बाइक पर गली में आए। बाइक से दो युवक नीचे उतरे और उनमें से एक ने घर के गेट पर फायरिंग कर दी। फायरिंग कर तीनों आरोपी मौके से हथियारों सहित बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। उक्त वारदात के बाद उसके अमेरिका वाले नंबर के वॉट्सअप पर एक नंबर से एक धमकी भरी वॉयस रिकार्डिंग आई। वॉयस रिकार्डिंग में उससे पैसों की मांग की गई । उसे डराने और दहशत फैलाने के लिए उक्त वारदात को अंजाम दिया गया है। प्रदीप की शिकायत पर थाना बापौली में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी एएनसी प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम को सौंपी गई थी।

Comments