राष्ट्रीय पोषण माह “पावर ऑफ पोषण” विषय संबंधित व्याख्यान एवं बी.एम.आई जांच शिविर का आयोजन
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गृह विज्ञान विभाग द्वारा विभागाध्यक्षा डॉ. सीमा के निर्देशन में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत थीम “पावर ऑफ पोषण” विषय संबंधित व्याख्यान एवं बीएमआई (BMI) जांच शिविर का आयोजन जन चेतना मंच के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह, उपप्राचार्या डॉ. शशि प्रभा, शिक्षकगण व अन्य उपस्थित अतिथिगण द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए पोषण संबंधी ज्ञान को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पोषण को केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर परिवार व हर नागरिक की जिम्मेदारी बनाने की पहल होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार व स्वस्थ जीवनशैली का संदेश विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा पहुँचाना चाहिए।
मुख्य वक्ता प्रदीप कुमार आर्य ने बताया कि 6 महीने तक माँ का दूध ही शिशु का सबसे बड़ा पोषण है। गर्भवती महिलाओं के पोषण और खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। केवल महिला ही नहीं बल्कि परिवार के सदस्यों को भी उनके स्वास्थ्य और उचित आहार के प्रति जागरूक करना होगा।
विभागाध्यक्षा डा० सीमा ने माँ के दूध को शिशु के लिए अमृत के समान बताया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी से घर तक संतुलित आहार का संदेश 01 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक चलने वाले पोषण माह के दौरान जिले में विभिन्न जागरूकता और जनभागीदारी गतिविधियों द्वारा पहुँचाना ही पोषण माह 2026 का उद्देश्य है। साथ ही विद्यार्थियों से कहा कि वे आगे आए और बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा उनके परिवारों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करें।
BMI (बॉडी मास इंडेक्स) वजन और लम्बाई का वो संतुलन है, जो यह बताता है कि आपका शरीर सेहतमंद दायरे में है या नहीं। अपने BMI को सामान्य सीमा में रखना हृदय रोग, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं को दूर रखने में मदद करता है। BMI Screening Camp में 200 छात्र-छात्राओं का BMI टेस्ट कर उन्हें पोषण संबंधी परामर्श दिया गया ताकि कार्यक्रम का सीधा लाभ लक्षित वर्ग तक पहुँच सके। मंच संचालन सह-प्राध्यापिका रेखा शर्मा ने किया । गृह विज्ञान विभाग से सह-प्राध्यापिका अंशिका ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । इस अवसर पर डॉ. पूनम मदान, डॉ. नीलम, डॉ. प्रवीन, डॉ. सुनीता ढांडा, डॉ. राजेश,डॉ. स्वाति पुनिया, सहायक प्रो. खुशबू, डॉ. नेहा पुनिया, डॉ. मोनिका, डॉ. निर्मला व अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे ।

Comments