Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


व्यावसायिक मार्गदर्शन हेतु करियर वार्ता का आयोजन किया.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 25, 2024 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 25 जुलाई। जिला रोजगार अधिकारी रितु चहल ने जानकारी देते हुए बताया की रोजगार विभाग द्वारा व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और रोजगार इच्छुक प्रार्थियों को व्यवसायिक और प्रशिक्षण सुविधाओं के बारे जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान करना है।

इसी कड़ी में वीरवार को जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, पानीपत में व्यावसायिक मार्गदर्शन हेतु करियर वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी डॉ. रितू चहल ने एक ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों का करियर लक्ष्य बनाने, उन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कार्य योजना बनाने और उच्च अंक प्राप्त करने के लिए अध्ययन की आदतों को सुधारने के विषय पर मार्गदर्शन किया। इस प्रस्तुति के दौरान रितू चहल ने विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लक्ष्यों के प्रति जागरूक होने और उन्हें सही दिशा में आगे बढने के लिए प्रोत्साहित किया।

डॉ. ऋतु चहल ने कहा कि करियर लक्ष्य निर्धारित करना प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सही करियर चुनने के लिए आवश्यक है कि विद्यार्थी अपनी रुचियों, क्षमताओं और अवसरों का सही मूल्यांकन करें। इसके लिए उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा किए जिससे विद्यार्थी अपने करियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित कर सकें। कार्य योजना बनाने के महत्व पर जोर देते हुए, डॉ. ऋतु चहल ने बताया कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक ठोस और सुसंगत योजना का होना अनिवार्य है। उन्होंने छात्रों को बताया कि कैसे वे अपने लक्ष्य को छोटे-छोटे चरणों में विभाजित कर सकते हैं और समयबद्ध तरीके से उन्हें पूरा कर सकते हैं। साथ ही, उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे कठिनाइयों से घबराएं नहीं और सदा सकारात्मक दृष्टिकोण रखें।

डॉ. ऋतु चहल ने अध्ययन की आदतों में सुधार करने के विषय पर विद्यार्थियों को बताया कि नियमितता, अनुशासन और एकाग्रता अध्ययन में सफलता के प्रमुख तत्व हैं। उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार अध्ययन के समय को प्रभावी ढंग से प्रबंधित किया जा सकता है और विभिन्न तकनीकों का उपयोग करके अध्ययन को रोचक बनाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त उन्होंने छात्रों को परीक्षा की तैयारी के दौरान मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने की भी सलाह दी। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपने करियर की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की बल्कि अपने अध्ययन की आदतों में सुधार के लिए भी प्रोत्साहित हुए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रतिमा शर्मा मौजूद रहे।

Comments