Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


शहर का समग्र विकास करना और आमजन के हितों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 27, 2026 Tags: , , , ,

डॉ. विरेंदर कुमार दहिया का निर्देश,शहर विकास कार्यों में तेजी लाकर जनता को दी जाए राहत

ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध: एसपी

सडक़ सुरक्षा, पिंक ऑटो, रिंग रोड और अंडरपास प्रोजेक्ट्स पर मंथन

21 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा

BOL PANIPAT , 27 अप्रैल। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को जिला सडक़ सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कुल 21 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और सडक़ सुरक्षा व ट्रैफिक सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
    बैठक में आईआरएडी के तहत फरवरी व मार्च 2025 और 2026 के सडक़ हादसों, मृतकों और घायलों के आंकड़ों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न महीनों की एक्सीडेंट रिपोर्ट, लंबित मामलों और नए बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दों में एनएच-44 के चौड़ीकरण, पानीपत फ्लाईओवर पर आरसीसी बैरियर लगाने, तथा एनएच-709 इसराना क्षेत्र में खराब पड़ी सर्विस रोड को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया।
  बैठक में डाहर टोल प्लाजा पर रोड सेफ्टी उपकरणों की कमी को गंभीरता से लेते हुए जल्द सुधार के निर्देश दिए गए। यही नहीं शहर में जीटी रोड और गोहाना, जाटल व असंध रोड फ्लाईओवर पर नॉइज़ बैरियर लगाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। इसके अलावा बरसात रोड के सामने कट खोलने, एनएच-44 दिल्ली-पानीपत लेन पर मच्छरौली गांव के पास सर्विस लेन कट खोलने और पुलिस लाइन के पास एग्जिट पॉइंट बनाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
    महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में पिंक ऑटो रिक्शा सेवा शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके लिए महिला चालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके सकारात्मक परिणाम आगे दिखाई देगे। उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि शहर में यातायात दबाव को कम करने के लिए रिंग रोड निर्माण कार्य को लेकर हाई अथार्टी के पास केश भेजा गया है।
    बैठक में इसके अलावा एलिवेटेड बस स्टैंड, आजाद नगर के पास रेलवे अंडरपास, बरसात रोड से ड्रेन नंबर-2 तक मिनी बाईपास, तथा विभिन्न स्थानों पर पैदल यात्रियों के लिए सेफ्टी रेलिंग लगाने जैसे प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी टोल प्लाजा पर धर्म कांटा (वजन मापने की व्यवस्था) स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही सडक़ दुर्घटना पीडि़तों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और कैश लेस उपचार उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि शहर का समग्र विकास करना और आमजन के हितों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। सडक़ सुरक्षा से जुड़े सभी मुद्दों पर गंभीरता से काम करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाना हमारा लक्ष्य है। जिन स्थानों पर समस्याएं चिन्हित की गई हैं, वहां शीघ्र प्रभाव से सुधार कार्य किए जाएं।
  पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस विभाग निरंतर प्रयासरत है। नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है और यातायात जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। आने वाले समय में ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत किया जाएगा, ताकि सडक़ हादसों में कमी लाई जा सके और नागरिकों को सुरक्षित परिवेश मिल सके।
बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यों में तेजी लाएं और नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि पानीपत को एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर बनाया जा सके। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, सीएमओ विजय मलिक, डीएसपी सुरेश सैनी, डीईओ राकेश बूरा, डीईईओ सुभाष भारद्वाज, एडवोकेट संदीप जिंदल, आरटीए डॉ. नीरज जिंदल आदि मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply