Saturday, June 27, 2026
Newspaper and Magzine


योगमय हुआ पानीपत: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 20 हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 21, 2026 Tags: , , , ,

स्वस्थ वृद्धावस्था का संदेश: जिलेभर में गूंजा ‘योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ का संकल्प

शिवाजी स्टेडियम से गांव-गांव तक योग की धूम, हजारों नागरिकों ने लिया स्वास्थ्य का संकल्प

योग से जुड़ा पूरा जिला: पानीपत में भव्य आयोजन, जनभागीदारी ने रचा नया कीर्तिमान

BOL PANIPAT , 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ तथा ‘योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ रही। जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शिवाजी स्टेडियम, पानीपत में आयोजित किया गया, जिसमें हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लगभग 4,500 प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। वहीं समालखा अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों एवं संस्थानों में भी योग दिवस को लेकर विशेष आयोजन किए गए। बापौली, मतलौडा, समालखा तथा अन्य क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर वन विकास निगम के चेयरमैन रवि सैनी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन आर.पी. सिंह, विधायक निखिल मदान सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
जिला एवं सत्र न्यायालय, पानीपत तथा उपमंडल समालखा में भी योग शिविरों का आयोजन किया गया, जहां न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने योगाभ्यास किया। इसके अतिरिक्त आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, व्यायामशालाओं तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा जिले के सभी ब्लॉकों में योग सत्र आयोजित किए गए।
डीसी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनता है। उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में अनुमानित रूप से 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही, जिसने योग के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता और उत्साह को प्रदर्शित किया।

Comments


Leave a Reply