किसान की धान की फसल भीगी तो जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
धान खरीद और उठान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जरूरत पड़ी तो ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट
मडलौडा अनाज मंडी में उपायुक्त का औचक निरीक्षण, नमी मापने से लेकर सफाई व्यवस्था तक की हुई जांच
किसानों को मंडियों में परेशानी से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, धरातल पर और सुधार करें अधिकारी
BOL PANIPAT , 16 अक्टूबर। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शुक्रवार को मडलौडा अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर धान खरीद, फसल के उठान, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं तथा मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सुबह करीब 10 बजे मंडी पहुंचे उपायुक्त ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि किसानों की फसल को भीगने से बचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि मंडी में अव्यवस्था या लापरवाही के कारण किसान की धान की फसल भीगती है तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त डॉ हरीश ने मंडी में धान की ढेरियों पर पहुंचकर मॉइश्चर मीटर के माध्यम से फसल में नमी की जांच की और संबंधित अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि धान खरीद कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा किसानों को परेशान करने की शिकायत सामने नहीं आनी चाहिए। उपायुक्त ने मंडी परिसर में संचालित अटल किसान-मजदूर कैंटीन का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने कैंटीन के रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों का सत्यापन किया और अब तक भोजन करने वाले किसानों एवं मजदूरों की संख्या के संबंध में जानकारी ली। रजिस्टर में दर्ज विवरण की पुष्टि के लिए उन्होंने संबंधित रजिस्टर को अपने साथ ले लिया, ताकि दर्ज आंकड़ों का सत्यापन किया जा सके।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में किसानों और मजदूरों के लिए संचालित सुविधाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए तथा इनके संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Comments