सीपीआई की पानीपत जिला कौंसिल ने डा.भीम राव अम्बेडकर की 134 वीं जयन्ती मनाई।
BOL PANIPAT : 14 अप्रैल आज स्थानीय भगत सिंह स्मारक स्वतंत्रता सेनानी कामरेड टीका राम सखुन सभागार में सीपीआई की पानीपत जिला कौंसिल की ओर से प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी , प्रखर बुद्धि जीवी एवं भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड पूरण चंद जोशी (पी सी जोशी)का 118 वां जन्म दिवस एवम भारत रतन, भारतीय संविधान के शिल्पकार डा.भीम राव अम्बेडकर की 134 वीं जयन्ती मनाई गई। इस अवसर पर हुई सभा की अध्यक्षता कामरेड दरियाव सिंह कश्यप हरियाणा राज्य सचिव ने की और संचालन सीपीआई के जिला सहायक सचिव राम रतन एडवोकेट ने किया।
सीपीआई के राज्य सचिव दरियाव सिंह कश्यप ने बताया कि पूरण चंद जोशी का जन्म 1907 में हुआ था। वह स्वाधीनता सेनानी और भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। पूरण चंद जोशी को सन् 1929 में मेरठ षडयंत्र केस सजा सुनाई गई थी 1936 में वह सीपीआई राष्ट्रीय महासचिव चुने गए थे और सन् 1951 में इलाहाबाद से ‘ इंडिया टुडे ‘ पत्रिका का प्रकाशन किया था उन्होंने ने अपने जीवन में एम ए व एल एल बी पास करने के बावजूद मजदूरों के लिए लगातार संघर्ष किया। सीपीआई हरियाणा राज्य कार्यकारिणी सदस्य व जिला सचिव पवन कुमार सैनी एडवोकेट, सहायक सचिव राम रतन एडवोकेट, आदि ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष, उनके विचारों, उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि डा0 भीम राव अम्बेडकर ने भारतीय संविधान को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। हमारा संविधान देश के तमाम नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, विचार की अभिव्यक्ति, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता और अवसर की समानता प्रदान करता है। वक्ताओं ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि आज की सत्तासीन भाजपा – आर एस एस की सरकार बाबा साहब के संविधान को नष्ट करने पर तुली है और मेहनतकशों के अधिकारों पर ताबड़ तोड़ हमले कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि आज बाबा साहब को याद करते हुए देश के संविधान ,लोकतंत्र एवं देश बचाने के लिए व्यापक आंदोलन तैयार करने के प्रयास करने का संकल्प दोहराने की आवश्यकता है।
सभा में शीश राम, ओम सिंह यादव, भूपेन्द्र कश्यप, सन्नोवर राणा, राम कुमार, जय भगवान दरियापुर, रामदास रामनगर ,धनपत कश्यप, रुपेश सैनी, भानु प्रताप आदि शामिल रहे। आज ही प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर बुद्धिजीवी एवं सीपीआई के पूर्व महासचिव कामरेड पूरण चंद जोशी ( पी सी जोशी) का जन्मदिवस होने के चलते सभा में उनको याद किया गया और देश व मेहनतकश जनता के हितो में किये गये उनके कार्यों को स्मरण किया गया। सभा में शामिल सभी ने डा0 भीम राव अम्बेडकर एवं कामरेड पूरण चंद जोशी के चित्रों पर पुष्प अर्पित किये।

Comments