घोड़ा खरीदने के नाम पर 20 लाख रुपए की ठगी मामले में गिरोह के एक आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर लाई पानीपत पुलिस
BOL PANIPAT : 17 अप्रैल 2024, सीआईए टू पुलिस टीम गांव बडौली निवासी युवक से घोड़ा खरीदने के नाम पर 20 लाख रूपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को मंगलवार शाम पंजाब के मानसा के सुंदरगढ गांव से गिरफ्तार कर लाई। आरोपी की पहचान गुरप्रीत निवासी सुंदरगढ मानसा पंजाब के रूप में हुई।
सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर सौरभ ने बताया की पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत को उनके कार्यालय में गांव बडौल निवासी सतीश पुत्र सुमेर सिंह ने शिकायत देकर बताया था कि उसने एक मुर्रा नस्ल का भैंसा पाल रखा है, जिसकी वह वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड करता रहता है। 30 मार्च 2023 को एक अज्ञात युवक का उसके पास फोन आया। जिसने भैंसा देखने की अपनी इच्छा जाहिर करते हुए उससे घर का पता पूछा। युवक उसी दिन दोपहर में 4/5 व्यक्तियों को अपने साथ लेकर उनके घर आया। भैंसा देख खरीदने के लिए कहा तो उसने बेचने से मना कर दिया।
उसने भैंसे का करीब सवा 2 साल का बच्चा बेचने के लिए कहा तो उनमें से एक युवक कीमत पूछने के लिए उसे बाहर ले गया। उसने भैंसे के बच्चे की 5 लाख रुपये कीमत बताई। युवक कहने लगा वह दलाल है, इनसे 7 लाख रुपये कीमत मांगना, 5 लाख से उपर के पैसे उसके होंगे। अंदर ले जाकर 6 लाख रूपये में सौदा तय कर सभी युवक तीन चार दिन में पैसे देकर भैंसे का बच्चा ले जाने की बात कहकर चले गए।
उसी दिन देर शाम दलाल ने फोन कर कहा यह एक घोड़ा भी खरीदना चाहते है। तुम इनके लिए एक अच्छी नस्ल का घोड़ा भी देख दो। उसने ऐरिया में घोड़ा ना होने की बात कही तो दलाल कहने लगा उसको करनाल में एक खुर्री लगाने वाला मिला था। उसके पास अच्छी नस्ल के घोड़े है, वह उससे बात कर एक घोड़ा दिलवा दे। उसने दलाल को खुद बात करने के लिए कहा। दलाल कहने लगा घोड़ा लेने वाले उसके साथ है, इनके सामने बात करेगा तो कमीशन नही बनेगा। दलाल ने उसको भरोसे में लेकर उस व्यक्ति का नंबर देकर बात करने के लिए कहा।
उसने उक्त नंबर पर बात की तो व्यक्ति ने चार-पांच घोड़ो के फोटो व्हाट्सएप पर भेज दिये। उसने उक्त फोटो दलाल के पास भेजी दी। फोटो देख दलाल ने एक घोड़ा पसंद कर लिया। उसने खुर्री वाले को फोन कर उक्त घोड़े की कीमत पूछी तो उसने 25 लाख रूपये बताई। उसने फोन कर दलाल को घोड़े की कीमत बताई तो दलाल ने कहा इनसे 50 लाख रुपये मांगो बाकी मुझ पर छोड़ दो। दलाल ने फोन पर ही उन व्यक्तियों से उसकी बात करवाई। उन्होंने 35लाख रुपये में सौदा तय कर लिया।
इसके बाद उसने 4 अप्रैल 2023 को दलाल को फोन कर घोड़े के पैसे भेज के लिए कहा। दलाल ने कहा फार्म का मुहुर्त है हम सब आज नही आ सकते। इसके बाद दोपहर में दलाल उसके पास आया और 2 लाख रूपये टोकन मनी देकर कहने लगा हम सभी घोड़ा लेने जाएगे तो मालिक को घोड़े की वास्तविक कीमत का पता चल जाएगा। इसलिए तुम घोड़ा खरीद कर घर ले आओ हम कल घोड़े की पूरी कीमत देकर यहा से घोड़ा ले जाएगे। दलाल ने उसको विश्वास में ले लिया।
इसके बाद उसने घोड़ा खरीदने के लिए खुर्री वाले को फोन किया तो उसने पंजाब के मानसा के गांव सुंदरगढ़ का पता दिया। उसके पास इतने पैसे नही थे उसने ताउ के लड़के संदीप, दोस्त सतीश व आढती से कुछ पैसे उधार पैसे लिए। पैसे लेकर वह दोस्त सतीश व भाई सुनील को साथ लेकर पंजाब मानसा के गांव सुंदरगढ गया और मनप्रीत नाम के युवक से 21लाख रूपये नगद में घोड़ा खरीद कर घर ले आए। घर आने के बाद उसने दलाल को फोन किया तो नंबर बंद मिला। बाद में मनप्रीत को फोन किया तो उसका भी नंबर बंद मिला। घोड़े की वास्तविक कीमत पता की तो 1लाख रूपये से भी कम पाई गई। आरोपियों ने साजिश रच उसके साथ धोखाधड़ी से 20लाख रूपये की ठगी कर ली। सतीश की शिकायत पर थाना सदर में अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
सब इंस्पेक्टर सौरभ ने बताया कि सीआईए टू पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए मंगलवार की शाम गिरोह के एक आरोपी गुरप्रीत निवासी सुंदरगढ मानसा पंजाब को उसके गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी गुरप्रीत ने अपने भाई मनप्रीत व साथी आरोपी राज, प्रगट निवासी तलवंडी, अली निवासी जाना, काला निवासी झंडुके मानसा पंजाब व इलमु निवासी ढाकला जीन्द के साथ मिलकर ठगी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी के खिलाफ पंजाब में इस प्रकार की धोखाधड़ी के मामले दर्ज है।
पुलिस ने वारदात में शामिल गिरोह के फरार आरोपियों के ठीकानों का पता लगा काबू करने के लिए बुधवार को आरोपी गुरप्रीत को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

Comments