सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 52 लाख रूपए की ठगी मामले में आरोपी दंपत्ती को भिवानी से गिरफ्तार कर लाई पानीपत पुलिस
BOL PANIPAT : 14 मई 2023 पानीपत, सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 52 लाख रूपए की ठगी करने वाले मूल निवासी डेरी मोहल्ला रोहतक हाल किरायेदार डिफेंस कॉलोनी भिवानी निवासी आरोपी दंपत्ती सचिन व उसकी पत्नी नीतू को थाना माडल टाउन पुलिस ने शनिवार साय भिवानी से गिरफ्तार किया।
थाना माडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि चरखी दादरी जिला के गांव डालावास निवासी नसीब पुत्र विद्यानंद ने प्रदेश के माननीय गृहमंत्री श्री अनिल विज को शिकायत दे बताया था की उसके जीजा अनिल पुत्र रामकिशन निवासी खानपुर खुर्द झज्जर हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर पानीपत में तैनात थे। जिनका वर्ष 2021 में एक सड़क दुर्घटना में देहांत हो चुका है। अनिल के दो छोटे बच्चे है। जीजा अनिल ने पानीपत में तैनाती के दौरान उससे व अन्य रिश्तेदारों के जानकारों के दिल्ली पुलिस, हरियाणा रोडवेज व अन्य कई सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम के सचिन सिंधू पुत्र प्रेम निवासी डेरी मोहल्ला रोहतक हाल किरायेदार सापला, सचिन की पत्नी नीतू, दिनेश निवासी बुद्ध विहार दिल्ली व दिनेश की पत्नी पूजा को 52 लाख रूपए दिए थे। पैसे लेने के बाद आरोपी सरकारी नौकरी लगवाने का आश्वासन देते रहे। नौकरी ना मिलने पर उसके जीजा अनिल की मौत के बाद जिसके भी पैसे थे वे सभी उसकी बहन अनिल की पत्नी से पैसे मांगने लगे।
उसने बहन के साथ चारों आरोपियों से जीजा अनिल के दिए हुए पैसे वापिस मांगे तो आरोपियों ने पैसे देने से मना करने के साथ ही उसको व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोपियों ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 52 लाख रूपए की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित की शिकायत पर थाना माडल टाउन पानीपत में उक्त आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 406,420,506 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई थी।
इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया की गिरफ्तार आरोपी सचिन व उसकी पत्नी नीतू ने प्रारंभिक पूछताछ में अपने साथी आरोपी दिल्ली के बुद्ध विहार निवासी दिनेश व उसकी पत्नी पूजा के साथ मिलकर सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। वारदात में शामिल इनके साथी आरोपियों की धरपकड़ के लिए व ठगी गई नगदी बरामद करने व गहनता से पूछताछ करने के लिए पुलिस टीम ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से दोनों आरोपियों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

Comments