ट्राली चोर को यूपी से गिरफ्तार कर लाई पानीपत पुलिस
BOL PANIPAT : 13 मई 2024, सीआईए टू पुलिस टीम ने कुराड़ गांव में खेत से ट्राली चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को रविवार देर शाम यूपी के शामली के छछरपुर गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र निवासी छछरपुर शामली यूपी के रूप में हुई।
सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर सौरभ ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपने साथी आरोपी अमरदीप निवासी झिंझाना शामली यूपी के साथ मिलकर ट्राली चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसने अपने साथी आरोपी अमरदीप के साथ मिलकर दिन में खेत में ट्राली की रेकी कर रात को ट्राली चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
गहनता से पूछताछ करने व चोरीशुदा ट्राली बरामद करने व वारदात में शामिल इसके साथी आरोपी के ठिकानों का पता लगा पकड़ने के लिए पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र को सोमवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।
सब इंस्पेक्टर सौरभ ने बताया कि थाना सनौली में सुरेंद्र पुत्र सतपाल निवासी कुराड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 28 मार्च की देर शाम उसने खेत में गन्ने की फसल लोड करने के लिए ट्राली खड़ी की थी। सुबह जाकर देखा ट्राली नही मिली। अज्ञात चोर ट्राली को चोरी कर ले गए। सुरेंद्र की शिकायत पर थाना सनौली में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments