पेट्रोल पंप पर लूट करने वाले गिरोह के नाबालिग आरोपी को पानीपत पुलिस राजस्थान से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई.
BOL PANIPAT : रोहतक पानीपत नेशनल हाईवे पर गांव नौल्था के नजदकी स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से हथियार के बल पर नगदी लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के एक नाबालिग आरोपी को पानीपत पुलिस शुक्रवार को राजस्थान से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। नाबालिग आरोपी लूट के अन्य मामले में सीकर बाल सुधार गृह में बंद था।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि बीते जुलाई माह में महेंद्रगढ पुलिस ने नाबालिग सहित तीन आरोपियों को लूट के मामले में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों से हरियाणा व राजस्थान की लूट की पांच वारदातों का खुलासा हुआ था। इनमें पानीपत की लूट की उक्त वारदात भी शामिल थी। राजस्थान के मामलों में हाल के दिनों में आरोपी राजस्थान की सीकर जेल व बाल सुधार गृह में बंद थे। सीआईए टू पुलिस टीम शुक्रवार को नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने जेल में बंद अपने दो साथी आरोपियों के अतिरिक्त फरार एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पूछताछ के बाद पुलिस नाबालिग आरोपी को जुवेनाईल कोर्ट में पेश किया जहा से उसे बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिया।
यह है मामला
थाना इसराना में गांव ब्रहामण माजरा निवासी कुनाल पुत्र सत्यनारायण ने पुलिस को दी शिकातय में बताया था कि वह रोहतक पानीपत नेशनल हाइवे पर नौल्था गांव के नजदीक स्थित किसान आटो पेट्रोल पंप पर काम करता है। 29 जून की रात 9:43 बजे वह ड्यूटी पर था। तभी सफेद रंग की एक बगैर नंबर की स्विफ्ट कार रोहतक की और से आई और कार में 2 हजार रूपए का पेट्रोल डलवाया। उसने पेट्रोल के पैसे मांगे तो कार से तीन युवक उतरे। उनमे से दो युवकों ने हाथ में ली पिस्तौल उसकी कनपटी व माथे पर स्टा दी, थप्पड़ मारे और तीसरे ने उसकी दोनों जेब से 5 हजार रूपए कैश निकाल लिया। आरोपियों का एक साथी इस दौरान कार की ड्राइवर सीट पर बैठा रहा। हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देकर चारों आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। थाना इसराना में कुनाल की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments