पानीपत पुलिस ने “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” के तहत नशे के दुष्परिणामों बारे जानकारी देकर जागरूक किया
नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद करता है, और उससे भी आगे जाकर यह पूरे समाज को बर्बाद करता है; एएसपी मयंक मिश्रा
BOL PANIPAT : 15 जून 2023, पानीपत पुलिस ने “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” के तहत गांव, कॉलोनियों व सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को नशे के दुष्परिणामों बारे जानकारी देकर जागरूक किया.
समाज को नशा मुक्त करने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में 12 से 26 जून तक नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान “नशे से आजादी पखवाड़ा” शुरू किया गया है। जिले में अभियान के सफल आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्जों को विशेष दिशा निर्देश दिए हुए है।

इसी के तहत वीरवार को थाना तहसील कैंप पुलिस की टीम ने नूरवाला में व भावना चौक पर व थाना पुराना ओद्योगिक की टीम ने इंद्रा कॉलोनी में व थाना सनौली की टीम ने गांव सनौली खुर्द में लोगों को नशे के दुष्परिणामों बारे जानकारी देकर जागरूक किया।
एएसपी मयंक मिश्रा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद करता है, और उससे भी आगे जाकर यह पूरे समाज को बर्बाद करता है। समाज में कई तरह के अपराध तो केवल नशे के कारण होते हैं। कुछ लोग लूट-मार जैसी वारदातों को केवल इसलिए अंजाम देते हैं ताकि वे नशीले पदार्थों की अपनी जरूरत पूरी कर सकें। खासकर वे युवा जो बेरोजगार हैं, या जिनकी आमदनी कम है, वे अगर नशे के चंगुल में फंस गए तो उनके पास अपनी यह जरूरत पूरी करने के लिए केवल गलत रास्ते ही हैं। पहले वे अपने घर से ही छोटी-मोटी चोरी या हेराफेरी की शुरुआत करते हैं और जब यह आगे नहीं चल पाती तो बाहर झपटमारी या लूट मार का रूप ले लेती है। एक बार नशे के दलदल में फंस जाते हैं तो फिर फंसते ही चले जाते हैं। देश का युवा वर्ग इस दलदल में और अधिक न फसने पाए, इसके लिए सबसे जरूरी है युवाओं को नशे के दुष्परिणाम बताना और नशे के खिलाफ जागरूक करना। यदि कोई युवा किसी वजह से गलत संगत का शिकार होकर नशे का आदी हो गया है तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें, जिला पुलिस भी इसमें पूरा सहयोग करेगी।

Comments