Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


बच्चों की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, मार्गदर्शन और विश्वास :शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 8, 2026 Tags: , , , , ,

-पानीपत के चार युवाओं ने यूपीएससी में किया कमाल, शिक्षा मंत्री घर पहुंचकर दी बधाई

-मेहनत और लगन से मिली सफलता, युवाओं ने बढ़ाया हरियाणा का मान

-पानीपत के होनहारों का यूपीएससी में जलवा, शिक्षा मंत्री ने कहा—युवा बनें देश निर्माण की ताकत

-बेटियां-बेटे दोनों आगे बढ़ रहे, यूपीएससी में सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व

BOL PANIPAT , 8 मार्च। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने रविवार को संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और जिला पानीपत का नाम रोशन करने वाले चार प्रतिभाशाली युवाओं के घर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवारजनों को बधाई दी। मंत्री ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

कैबिनेट मंत्री ने विराट नगर निवासी श्रेया गुप्ता (रैंक 114), अंसल निवासी कीर्ति (रैंक 304), तहसील कैंप निवासी ज्योति (रैंक 683) तथा गांव बड़ौली निवासी मोहित मिटान (रैंक 717) को सम्मानित करते हुए कहा कि इन युवाओं ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

मंत्री ढांडा ने कहा, “पानीपत के इन होनहार युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। इनकी सफलता न केवल परिवार बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है।
मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के युवा, विशेषकर बेटियां, हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश की सर्वोच्च सेवाओं में स्थान बनाकर समाज के लिए नई प्रेरणा बन रही हैं।”

मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें।
कैबिनेट मंत्री ने अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, मार्गदर्शन और विश्वास महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मंत्री ने विद्यार्थियों को आगे भी मेहनत और सीखने की निरंतरता बनाए रखने की सलाह दी।
इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य नागरिक, परिजन और क्षेत्र के लोग भी मौजूद रहे और सभी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी।

Comments