गांव गांव लगेंगे हेल्थ चेकअप कैंप-डीसी
-लोगों को टीबी के बारे में किया जाएगा जागरूक : डीसी
पानीपत, 29 जनवरी। उपायुक्त डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने सोमवार को जिला सचिवालय के सभागार में टीबी मुक्त जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिए की गांव स्तर पर लोगों के हेल्थ चेकअप कैंप लगाए जाएं ताकि लोग बीमारी के प्रति जागरूक हों। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल में भी इसको लेकर एक नोडल अधिकारी लगाया जाए जो सभी बच्चों को टीबी के लक्षण के बारे में और इसमें लेने वाले खानपान के बारे में भी बच्चों को जागरूक कर सके।
उन्होंने बैठक में जिला ड्रग कंट्रोलर अधिकारी विजय राजे को निर्देश दिए की सभी मेडिकल स्टोर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति टीबी की दवा लेने अगर मेडिकल स्टोर पर आता है तो उसका आधार कार्ड जरूर लें। यही नहीं जो लोग निजी अस्पतालों में टीबी की दवाई लेते हैं उनका डाटा भी सिविल अस्पताल के डाटा से मिलाया जाए। सभी रोगियों का डाटा निक्षय पोर्टल पर भी अपलोड किया जाए।
6 फरवरी को होगी सभी बीडीपीओ के साथ बैठक।
उपायुक्त ने इस अभियान को लेकर धरातल पर काम करने के निर्देश दिए और कहा कि आगामी 6 फरवरी को दोपहर 12 बजे जिला सचिवालय में सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के साथ इसको लेकर बैठक होगी जिसमें पंचायत स्तर तक इस अभियान को अमलीजामा पहनाने बारे विचार विमर्श कर दिशा निर्देश दिए जाएंगे। बैठक में सिविल सर्जन डॉक्टर जयंत आहूजा टीबी मुक्त अभियान के नोडल अधिकारी डॉक्टर नवनीत भी उपस्थित रहे।

Comments