खादी कॉलोनी और वीवर्स कॉलोनी में जलभराव की समस्या का जल्द से जल्द स्थाई समाधान निकाला जाएगा : प्रमोद विज
BOL PANIPAT , 27 जुलाई। स्थानीय खादी कॉलोनी और वीवर्स कॉलोनी में जलभराव की समस्या का जल्द से जल्द स्थाई समाधान निकाला जाएगा। शहरी विधायक प्रमोद विज ने इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए अगले पंद्रह दिन में टेंडर लगाकर जल्द से जल्द काम पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
विधायक प्रमोद विज ने बुधवार को जिला उपायुक्त सुशील सारवान के साथ लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय मे संबंधित अधिकारियों की बैठक के दौरान इस समस्या पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त कॉलोनियों की इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए अगले 15 दिन में टेंडर निकाला जाए।
विधायक प्रमोद विज ने अधिकारियों को कहा कि इन कालोनियों के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है। लोगों को कोई भी समस्या नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चूंकि अभी बारिश का सीजन है, इसलिए जब तक पानी की निकासी का समाधान नहीं निकलता तब तक मशीनें लगाकर पानी की निकासी की जाए।
डीसी सुशील सारवान ने विधायक प्रमोद विज को आश्वस्त किया की इस समस्या का हल निकालने मे कतई देरी नहीं होंगी। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को इसे व्यक्तिगत रूचि लेकर इसे सिरे चढ़ाने के लिए भी कहा। इस दौरान नगर निगम के कार्यकारी अभियंता राजेश कौशिक,जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता और एचएसआईडीसी के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Comments